रामलीला मैदान का निरीक्षणः डीएम ने मेट्रो अफसरों को लगाई फटकार, एक हफ्ते में सभी कार्य पूर्ण करें
आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने विधायक और श्रीरामलीला कमेटी के अध्यक्ष पुरुषोत्तम खण्डेलवाल के साथ रामलीला मैदान का दौरा किया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी श्रीरामलीला महोत्सव के आयोजन से पूर्व मैदान की स्थिति का जायजा लेना था।
-रामलीला महोत्सव से पहले मैदान की तैयारियों को लेकर डीएम दिखे सख्त, सिटी मजिस्ट्रेट को बनाया नोडल अधिकारी
मेट्रो कार्यों से हुआ मैदान क्षतिग्रस्त
विधायक खण्डेलवाल ने बताया कि मेट्रो परियोजना के कार्य के दौरान रामलीला मैदान का प्रयोग किया गया, जिससे मंच, दर्शक दीर्घा की सीढ़ियां और पूरा मैदान क्षतिग्रस्त हो गया है। मेट्रो द्वारा मरम्मत तो कराई गई, परंतु वह गुणवत्तापूर्ण नहीं थी और दोबारा क्षति हो चुकी है।
डीएम ने मेट्रो अधिकारियों को लगाई फटकार
जिलाधिकारी बंगारी ने मौके पर ही उपस्थित मेट्रो अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और उच्चाधिकारियों से बातचीत कर एक सप्ताह के भीतर मैदान को समतल करने, मिट्टी हटाने व दर्शक दीर्घा की सीढ़ियों की फिर से गुणवत्ता पूर्ण मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
नगर निगम को मिली सफाई की जिम्मेदारी
डीएम ने नगर निगम को निर्देश दिए कि नाला सफाई से निकले कचरे का तत्काल उठान कराया जाए तथा रामलीला मैदान में व्यापक साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए।
सिटी मजिस्ट्रेट को दी गई निगरानी की जिम्मेदारी
सभी कार्यों की समयबद्ध और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान को नोडल अधिकारी नामित करते हुए नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, मेट्रो परियोजना और नगर निगम के अधिकारी, रामलीला समिति के महामंत्री राजीव अग्रवाल सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
Bottom of Form