जामुनी-श्वेत पुष्पों से सजे खाटू श्याम बाबा, स्वर्ण मुकुट में दिए अलौकिक दर्शन

धनतेरस पर आगरा के जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में छह दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ हुआ। बाबा का जामुनी और श्वेत सुगंधित पुष्पों से विशेष श्रृंगार कर स्वर्ण मुकुट और कुंडल धारण कराए गए। मंदिर में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। 11 नवंबर तक चलने वाले उत्सव में प्रतिदिन विशेष श्रृंगार, दीपदान और आकर्षक विद्युत सजावट होगी। आठ और नौ नवंबर को विशेष आतिशबाजी भी की जाएगी।

Nov 6, 2026 - 18:42
 0
जामुनी-श्वेत पुष्पों से सजे खाटू श्याम बाबा, स्वर्ण मुकुट में दिए अलौकिक दर्शन
जामुनी-श्वेत पुष्पों से सजे खाटू श्याम बाबा

धनतेरस पर खाटू श्याम मंदिर में आस्था का सैलाब, छह दिवसीय दीपोत्सव का भव्य आगाज

आगरा। दीपों के पर्व दीपावली की आभा से जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर जगमगा उठा। दीपोत्सव के प्रथम दिन धनतेरस पर आगरा नरेश का जामुनी और श्वेत रंग के सुगंधित पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। स्वर्ण मुकुट और कुंडल धारण कर बाबा ने भक्तों को अलौकिक दर्शन देकर निहाल किया। मंदिर की भव्य सजावट, आकर्षक विद्युत रोशनी और भक्तिमय वातावरण के बीच सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। बाबा के जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा।

श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस भगवान धन्वंतरि के प्राकट्य का पावन पर्व है। इसी के साथ मंदिर में छह दिवसीय दीपोत्सव का शुभारंभ हुआ है, जो 11 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन बाबा का विशेष श्रृंगार किया जाएगा और मंदिर को आकर्षक विद्युत सज्जा से आलोकित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दीपोत्सव के सभी छह दिनों में मंदिर परिसर के बाहर श्रद्धालु भक्ति भाव से दीपदान करेंगे। दीपों की सुसज्जित श्रृंखला से मंदिर का बाहरी परिसर जगमगाएगा। आठ और नौ नवंबर को दीपावली उत्सव के उपलक्ष्य में विशेष आतिशबाजी की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगी। धनतेरस पर श्रृंगार एवं इत्र सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट की ओर से की गई। दीपोत्सव की प्रतिदिन सेवा श्री श्याम सेवक परिवार समिति तथा आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था विजय गुप्ता द्वारा की जा रही है। इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल आदि ने व्यवस्थाएं संभालीं।