आगरा में अवैध पटाखों के दो ठिकानों पर पुलिस का छापा, 265 किलो आतिशबाजी बरामद
दीपावली से पहले आगरा पुलिस ने अवैध पटाखों के भंडारण के दो ठिकानों पर छापेमारी कर 265 किलो आतिशबाजी बरामद की है। सदर बाजार पुलिस ने नगला भवानी सिंह, देवरी रोड से 100 किलो और छत्ता पुलिस ने सिंधी गली से 165 किलो पटाखे जब्त किए। दोनों मामलों में सचिन कुमार और सक्षम गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। बरामद पटाखों की कुल अनुमानित कीमत 2.70 लाख रुपये है।
रिहायशी इलाकों में मकानों को बना रखा था पटाखों का गोदाम, एक लाख से अधिक कीमत की आतिशबाजी के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
आगरा। दीपावली के त्योहार से पहले शहर में अवैध आतिशबाजी के भंडारण और खरीद-बिक्री का खेल तेजी से चल रहा है। रिहायशी इलाकों में मकानों को पटाखों के गोदाम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका खुलासा सदर बाजार और छत्ता थाना पुलिस की अलग-अलग छापेमारी में हुआ है। पुलिस ने दोनों थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 265 किलो अवैध पटाखे बरामद किए हैं। बरामद आतिशबाजी की अनुमानित कीमत करीब 2.70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहली कार्रवाई सदर बाजार थाना पुलिस ने नगला भवानी सिंह, देवरी रोड क्षेत्र में की। पुलिस को आवासीय इलाके में एक मकान के अंदर अवैध रूप से आतिशबाजी जमा किए जाने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान मकान से करीब 100 किलो अवैध पटाखे बरामद हुए। बरामद आतिशबाजी की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से सचिन कुमार को पकड़ा। जांच में सामने आया कि मकान में बिना लाइसेंस आतिशबाजी का भंडारण किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर बाजार थाने में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरी बड़ी कार्रवाई थाना छत्ता पुलिस ने सिंधी गली क्षेत्र में की। यहां एक आवासीय मकान में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के साथ उनकी खरीद-बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारकर करीब 165 किलो अवैध पटाखे बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1.70 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से सक्षम गुप्ता को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि रिहायशी इलाके में बिना लाइसेंस बड़ी मात्रा में आतिशबाजी रखी गई थी।
दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल 265 किलो पटाखे जब्त किए हैं। खास बात यह है कि दोनों ही स्थानों पर आवासीय मकानों में आतिशबाजी का भंडारण किया जा रहा था। ऐसे में आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पटाखों के अवैध भंडारण से आग लगने या विस्फोट जैसी घटना होने पर बड़ा हादसा हो सकता था।
त्योहारों के मद्देनजर आगरा पुलिस ने अवैध आतिशबाजी के भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बिना लाइसेंस विस्फोटक सामग्री रखने और उसकी खरीद-बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दोनों मामलों में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।