आगरा में 150 गुरुजनों को कुशवाह युवा मंच ने दिया ज्योतिबा फुले गौरव सम्मान
आगरा। महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती पर कुशवाह युवा मंच ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 150 शिक्षकों को सम्मानित कर समाज को एक सशक्त संदेश दिया। पश्चिमपुरी स्थित होटल वन्या पैलेस में आयोजित भव्य समारोह में शिक्षा के महत्व और समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को केंद्र में रखा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा ज्योतिबा फुले के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. सीमा शाक्य, विशिष्ट अतिथि उदल सिंह कुशवाह, गिर्राज सिंह कुशवाह, गंगाधर कुशवाह एवं राजकुमार कुशवाह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया।
कुशवाह युवा मंच के अध्यक्ष विपिन कुशवाह ने कहा कि समाज में शिक्षकों का सम्मान करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शिक्षक ही वह आधार हैं, जिन पर समाज का भविष्य खड़ा होता है। ऐसे आयोजनों से न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि समाज को भी शिक्षा के प्रति जागरूकता मिलती है।
महासचिव मुकेश कुशवाह ने शिक्षकों को समाज का सच्चा मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि उनके योगदान से ही विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल बनता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में शिक्षकों का सम्मान करना और उनके योगदान को पहचान देना अत्यंत आवश्यक है।
समारोह के दौरान कुशवाह समाज के लगभग 150 शिक्षकों, कॉलेज प्रबंधकों, प्रोफेसरों एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशिष्टजनों को ‘ज्योतिबा फुले शिक्षक गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षकों के प्रति गहरा सम्मान और गर्व का वातावरण देखने को मिला।
ज्योतिबा फुले के पदचिन्हों पर चलने का संकल्प
समारोह के समापन पर उपस्थित सभी लोगों ने महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों पर चलने और शिक्षा के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. धर्मेंद्र कुशवाह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संयोजक डॉ. राकेश कुशवाह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर अनिता कुशवाह, शेर सिंह कुशवाहा, राघवेन्द्र कुशवाहा, मनीष कुशवाहा, कृपाल कुशवाह, केपी कुशवाह, कुवित कुशवाह, राहुल कुशवाह, सौरभ कुशवाह, निशांत कुशवाह, नितिन कुशवाह, प्रेम कुशवाह, अर्पित कुशवाह, सुनील कुशवाह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।