सेवा पखवाड़ा: रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता रैली से गूंजा एसएन मेडिकल कॊलेज परिसर
आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में सेवा पखवाड़ा और “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” अभियान की शुरुआत आज विशेष स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान शिविर और जनजागरूकता रैली के साथ हुई। विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल और राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने क्रमशः शिविर और रक्तदान का शुभारंभ किया। पहले ही दिन 214 महिलाओं ने निःशुल्क जांच और उपचार का लाभ उठाया, जबकि 63 यूनिट रक्तदान कर चिकित्सकों और छात्रों ने समाजसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।
महिलाओं के स्वास्थ्य हेतु विशेष शिविर
स्वास्थ्य परिवार एवं कल्याण मंत्रालय की ओर से शुरू स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आज एसएन मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इसका उद्घाटन विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से लेकर गांधी जयंती तक चलने वाला यह अभियान महिलाओं को स्वस्थ बनाकर समाज को सशक्त बनाने का लक्ष्य रखता है।
जांच और उपचार पूरी तरह नि:शुल्क
प्रधानाचार्य डॉ. प्रशांत गुप्ता ने बताया कि शिविर में खून की जांच, ब्लड शुगर, अल्ट्रासाउंड, कैंसर स्क्रीनिंग और अन्य जांचें नि:शुल्क की जा रही हैं। एक ही स्थान पर मेडिसिन, चर्मरोग, बालरोग, दंत रोग, मनोरोग, ईएनटी और रेस्पिरेटरी मेडिसिन विशेषज्ञों द्वारा महिलाओं और बच्चों का परीक्षण किया गया। पहले दिन 214 महिलाओं ने शिविर का लाभ उठाया, जिनमें 100 से अधिक नि:शुल्क जांचें की गईं।
रक्तदान शिविर में दिखा युवाओं का उत्साह
अभियान के तहत वृहद रक्तदान शिविर भी आयोजित हुआ, जिसका उद्घाटन राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने किया। उन्होंने युवाओं से रक्तदान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि रक्तदान एक महादान है। डॉ. नीतू चौहान की देखरेख में कुल 63 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इसमें 10 फैकल्टी सदस्यों, 30 रेजिडेंट डॉक्टरों और 5 एमबीबीएस छात्रों सहित कुल 45 चिकित्सकों-छात्रों ने भाग लिया।
रैली, नुक्कड़ नाटक और वृक्षारोपण
स्वास्थ्य जागरूकता के प्रसार के लिए कॉलेज ऑफ नर्सिंग की प्रधानाचार्या डॉ. सीमा यादव और उपप्रधानाचार्या जसलीन जेम्स के नेतृत्व में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम छात्रों ने रैली निकाली। नुक्कड़ नाटक और कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम ने आयोजन को और प्रभावशाली बना दिया।
वरिष्ठ चिकित्सकों की रही खास भूमिका
महिला स्वास्थ्य शिविर में डॉ. मोहिता अग्रवाल, डॉ. आकांक्षा गुप्ता, डॉ. विजय सिंघल, डॉ. मधु सिंह, डॉ. तिरूपति नाथ, डॉ. कर्मवीर, डॉ. आशुतोष, डॉ. राशि, डॉ. अनु पाठक, डॉ. सुमन गुप्ता, डॉ. पवन, डॉ. गजेन्द्र विक्रम सिंह और डॉ. वरुण अग्रवाल जैसे वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं।