श्रिया रेड्डी 'महाकाली' में अक्षय खन्ना पर पड़ीं भारी, अक्षय खन्ना बने हैं शुक्राचार्य, क्रिकेटर की बेटी, पति भी बड़ा स्टार
'महाकाली' का टीजर रिलीज होते ही छा गया और असुर गुरु शुक्राचार्य बने अक्षय खन्ना की चर्चा होने लगी। पर कुछ ही सेकेंड के सीन में महाकाली बनीं श्रिया रेड्डी भी मजमा लूट ले गईं। श्रिया रेड्डी के बारे में जानने के लिए हर किसी के मन में उत्सुकता बढ़ गई।
मुंबई। हाल ही प्रशांत वर्मा की फिल्म 'महाकाली' का टीजर रिलीज हुआ, जिसमें असुर गुरु शुक्राचार्य के किरदार में अक्षय खन्ना ने सभी के होश उड़ा दिए। धर्म और अधर्म की लड़ाई के उद्घोष में अक्षय के खतरनाक लुक ने रोंगटे खड़े कर दिए। पर उनके अलावा एक और किरदार ने सबको हैरत में डाल दिया और वह है देवी महाकाली का किरदार। कुछ सेकेंड के सीन में महाकाली का जो रौद्र रूप, चेहरे के एक्सप्रेशन दिखे, वो रोंगटे खड़े करने के लिए काफी थे। हर कोई जानना चाह रहा था कि आखिर महाकाली का यह किरदार किसने निभाया है, जो एकदम शुक्राचार्य को टक्कर दे रहा है?
'महाकाली' फिल्म में यह किरदार एक्ट्रेस श्रिया रेड्डी ने निभाया है और टीजर से ही वह हर तरफ छा गई हैं। चलिए बताते हैं कि श्रिया रेड्डी कौन हैं ? श्रिया ने ही 'सलार' में विलेन बने राजा मन्नार की बेटी राधा रमा मन्नार का किरदार निभाया था। वह 'सूजल' जैसी दमदार सीरीज भी कर चुकी हैं।
श्रिया रेड्डी असल में पूर्व भारतीय क्रिकेटर भरत रेड्डी की बेटी हैं। श्रिया के पैरेंट्स नहीं चाहते थे कि वह एक्टिंग या शोबिज की दुनिया में करियर बनाएं, पर श्रिया की ख्वाहिश ऐसी नहीं थी। स्कूल के दिनों में ही श्रिया रेड्डी को मॉडलिंग के ऑफर मिलने लगे थे, लेकिन पिता चाहते थे कि वह पहले पढ़ाई पूरी करें। हालांकि, जब श्रिया को VJ बनने का ऑफर मिला, तो किसी तरह पैरेंट्स को मनाया और इंडस्ट्री में आ गईं।
श्रिया ने फिर वीजे की दुनिया में खूब नाम कमाया और पॉपुलर हो गईं। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में कदम रखे, जबकि पैरेंट्स इसके सख्त खिलाफ थे। श्रिया ने साल 2002 में आई फिल्म 'समुराई' से एक्टिंग डेब्यू किया था, और इसमें उनके साथ एक्टर विक्रम नजर आए थे। लेकिन इसके बाद आई फिल्म Appudappudu बुरी तरह फ्लॉप रही, जिससे दुखी होकर श्रिया ने एक साल तक किसी भी फिल्म में काम नहीं किया।
तेलुगु के अलावा श्रिया रेड्डी ने तमिल और मलयालम भाषा की फिल्मों में भी काम किया। वह प्रोड्यूसर और टीवी प्रेजेंटर भी रही हैं। उनकी फिल्म 'वेयइल' और 'कांचीवरम' को नेशनल अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया। फिर साल 2008 में श्रिया रेड्डी ने एक्टर और प्रोड्यूसर विक्रम कृष्णा के साथ शादी कर ली। विक्रम कृष्णा फिल्म प्रोड्यूसर जीके रेड्डी के बेटे और एक्टर विशाल कृष्णा के भाई हैं।
'महाकाली' को पूजा अपर्णा कोल्लुरु ने डायरेक्ट किया है और यह प्रशांत वर्मा के PVCU यानी प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्म है। इस फ्रैंचाइज की पहली फिल्म 'हनु-मैन' थी', जो 2024 में आई और ब्लॉकबस्टर रही। इसी फ्रैंचाइज में अब 'हनु-मैन' का सीक्वल आएगा, 'अधीरा' आएगी और 'महाकाली' भी इसी का हिस्सा है। फिल्म में श्रिया रेड्डी और अक्षय खन्ना के अलावा भूमि शेट्टी, नस्सर, राकेश बेदी, मुरली शर्मा और रोहित सर्राफ भी हैं। फिल्म 8 जनवरी 2027 को रिलीज होगी।