हरीपर्वत जैन मंदिर में स्वर्ण कलशों से भगवान शांतिनाथ का अभिषेक, भजनों की सुमधुर प्रस्तुति
आगरा। हरीपर्वत स्थित श्री शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में सोमवार को वार्षिक कलशाभिषेक महोत्सव धार्मिक उल्लास और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। श्री दिगंबर जैन शिक्षा समिति के तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में स्वर्ण कलशों से भगवान का सामूहिक अभिषेक किया गया। मंत्रोच्चार, जयकारों और भक्ति संगीत के बीच बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर धर्मलाभ प्राप्त किया। संगीत शशि एंड पार्टी की सुमधुर भजन प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।
महोत्सव का शुभारंभ दोपहर तीन बजे पंचकल्याणक पूजन के साथ हुआ। इसके बाद पंडित जिनेंद्र जैन शास्त्री के निर्देशन में स्वर्ण कलशों से भगवान का सामूहिक कलशाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने मंत्रोच्चार के बीच अभिषेक कर भगवान के जयकारे लगाए। धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं ने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि तथा विश्व शांति की मंगल कामना की।
आयोजन के दौरान संगीत शशि एंड पार्टी ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति संगीत से मंदिर परिसर का वातावरण भावमय हो उठा। श्रद्धालु भजनों में लीन नजर आए। धार्मिक अनुष्ठानों और भजन संध्या ने महोत्सव की गरिमा को और बढ़ाया।
इस अवसर पर मनोज जैन बाकलीवाल, प्रदीप जैन पीएनसी, डॉ. जितेंद्र जैन, राकेश जैन पार्षद, राकेश जैन पर्देवाले, सुनील जैन ठेकेदार, संजीव जैन, राजेंद्र जैन, चित्ररंजन जैन, मिलिंद जैन, तनुज जैन, शुभम जैन, ममता जैन, हर्षिता जैन, प्रिया जैन, प्रभा जैन, संगीता जैन, वंदना जैन, शोभा जैन और शेफाली जैन सहित जैन समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।