एक्टिवा ने कराई घर वापसी! छह महीने की नाराज़गी खत्म, पति के वादे पर पिघला पत्नी का दिल

आगरा में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक स्कूटी ने बिखरता हुआ रिश्ता फिर से जोड़ दिया। छह महीने से मायके में रह रही पत्नी तब मान गई जब पति ने नई एक्टिवा दिलाने का वादा किया। हंसी-मजाक और मनुहार के बीच हुआ ये समझौता पुलिस की मौजूदगी में परिवार परामर्श केंद्र में हुआ और आखिरकार रूठी पत्नी मुस्कुराते हुए ससुराल लौट आई।

Oct 26, 2025 - 13:07
 0
एक्टिवा ने कराई घर वापसी! छह महीने की नाराज़गी खत्म, पति के वादे पर पिघला पत्नी का दिल

आगरा। रिश्तों में कभी-कभी छोटी-सी बात भी बड़ा तूफ़ान खड़ा कर देती है, लेकिन इस बार कहानी का अंत खुशियों के साथ हुआ। मामला आगरा के कागारौल क्षेत्र का है, जहां झांसी निवासी युवक और उसकी पत्नी के बीच एक स्कूटी को लेकर चल रही तनातनी आखिर खत्म हो गई।

दरअसल, 2022 में दोनों की शादी के बाद वे आगरा में रहकर प्राइवेट नौकरी करने लगे। कुछ ही समय में उनके घर एक बेटा हुआ। बच्चे की देखभाल के लिए पत्नी ने नौकरी छोड़ दी, मगर 2024 में उसने फिर से काम शुरू कर दिया।

पत्नी ने बताया कि रोज़ाना ऑफिस आने-जाने के लिए ऑटो और बसों में लंबा सफर तय करना पड़ता था। धक्का-मुक्की से परेशान होकर उसने पति से कहा कि मुझे एक्टिवा दिला दो, ताकि आराम से ऑफिस जा सकूं। पति ने हामी तो भर दी, पर महीनों बीत गए और बात वहीं की वहीं रह गई।

धीरे-धीरे बात इतनी बढ़ी कि घर में रोज़ झगड़े होने लगे। आखिरकार मार्च 2025 में नाराज़ पत्नी अपने बच्चे को लेकर मायके चली गई। उसने साफ कहा कि जब तक स्कूटी नहीं, तब तक ससुराल नहीं।

परिवार की दरार बढ़ने लगी तो मामला थाने पहुंचा। पुलिस ने इसे परिवार परामर्श केंद्र भेजा ताकि रिश्ता बच सके। शनिवार को काउंसलिंग में पति-पत्नी आमने-सामने बैठे। पत्नी ने पुराने सारे गिले-शिकवे गिनाए, तो पति ने सिर झुकाकर गलती मान ली और बोला- अबकी बार सच में नई एक्टिवा दिलाऊंगा।

पति की यह बात सुनते ही पत्नी का गुस्सा पिघल गया। मुस्कुराकर उसने कहा- ठीक है, अब घर चलते हैं। दोनों ने एक-दूसरे को माफ किया और साथ रहने का फैसला लिया।

काउंसलर के अनुसार, कभी-कभी रिश्ते में संवाद ही सबसे बड़ी दवा होता है। खुशी की बात है कि दोनों ने अपने परिवार को टूटने नहीं दिया। अब जब पति नई एक्टिवा खरीदने जा रहा है, तो यह ‘एक्टिवा समझौता’ चर्चा का विषय बना हुआ है।

SP_Singh AURGURU Editor