बरेली जंक्शन पर जहरखुरानी गैंग का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार, 45 नशीली गोलियां बरामद
रेलवे यात्रियों को बेहोश कर लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश बरेली जंक्शन पर हुआ। जीआरपी टीम ने प्लेटफार्म पर गश्त के दौरान एक शातिर जहरखुरान को गिरफ्तार किया, जो पिछले कई वर्षों से यात्रियों को निशाना बना रहा था। आरोपी के पास से 45 नशीली गोलियां, नकदी और चोरी से जुड़ा सामान बरामद हुआ है।
बरेली। जीआरपी प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा के नेतृत्व में गुरुवार को बरेली जंक्शन पर प्लेटफार्म संख्या-एक से जहरखुरानी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान वसीम पुत्र सलीम निवासी ग्राम निरमानी, थाना शाहपुर, जनपद मुजफ्फरनगर के रूप में हुई है।
निरीक्षक वर्मा ने बताया कि अभियुक्त के कब्जे से यात्रियों को बेहोश कर लूटपाट करने के उद्देश्य से प्रयुक्त ALPRAZOLAM-0.5 MG की 45 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इसके अलावा 6,250 रुपये नकद भी मिले हैं। आरोपी यात्रियों को चाय, ठंडा या पानी में नशीली गोलियां मिलाकर बेहोश कर देता था और फिर कैश, मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान चुरा लेता था।
बरामदगी एवं पूछताछ के आधार पर थाना जीआरपी बरेली और जीआरपी मुरादाबाद में दर्ज दो पुराने मुकदमों का सफल अनावरण किया गया। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि वसीम वर्ष 2021 से लगातार रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के साथ जहरखुरानी की वारदातों में सक्रिय रहा है। वह चोरी के मोबाइल और सामान बेचकर धनार्जन करता था।
गिरफ्तारी टीम में निरीक्षक सुशील कुमार वर्मा, उप निरीक्षक अभिषेक कुमार शर्मा, आरक्षी संदीप कुमार, आरक्षी मोहम्मद आलम, उप निरीक्षक लवकुश कुमार (सीआईबी, आरपीएफ मुरादाबाद) तथा आरपीएफ पोस्ट बरेली जंक्शन के सचिन कुमार शर्मा शामिल रहे।