चंबल में अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन की दबिश, साक्ष्य नहीं मिला, शिकायतकर्ता नदारद

आगरा। चंबल नदी क्षेत्र में अवैध खनन की वायरल वीडियो के आधार पर प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को बड़ा निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर वन विभाग, राजस्व विभाग, पुलिस और खनन विभाग की टीमें क्योरी घाट पहुंचीं। दो घंटे तक चले इस अभियान में खनन से जुड़े कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले।

May 28, 2025 - 20:27
 0
चंबल में अवैध खनन की शिकायत पर प्रशासन की दबिश, साक्ष्य नहीं मिला, शिकायतकर्ता नदारद
चंबल नदी के क्योरी घाट पर निरीक्षण करते वन, पुलिस व खनन विभाग के अधिकारी।

मामले की शुरुआत तब हुई जब एक युवक ने चंबल नदी में कथित अवैध खनन का वीडियो वायरल कर दिया। इसे गंभीरता से लेते हुए प्रशासन हरकत में आया। टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच की, लेकिन कोई अवैध खनन नहीं पाया गया।

जांच की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वायरल वीडियो बनाने वाले युवक को मौके पर बुलाया गया, लेकिन लगातार दो घंटे के इंतजार के बावजूद वह नहीं पहुंचा।

निरीक्षण दल में डीएफओ, एसडीएम, नायब तहसीलदार, बार्डन, एसीपी पिनाहट, खनन अधिकारी, रेंजर बाह और लेखपाल शामिल रहे। टीम ने पूरे घाट क्षेत्र का निरीक्षण किया और संबंधित गतिविधियों का दस्तावेजीकरण किया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन की किसी भी सूचना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा, लेकिन झूठी शिकायतों की भी अब जांच होगी ताकि विभागीय समय और संसाधनों का दुरुपयोग रोका जा सके।

SP_Singh AURGURU Editor