बरेली को 2264 करोड़ की सौगातें देकर बोले सीएम-सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है कांवड़ यात्रा
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को नाथ नगरी बरेली में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 2264 करोड़ रुपये की लागत वाली 545 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने विपक्ष पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ असामाजिक तत्व कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की साजिश रचते हैं, लेकिन जनता की जागरूकता और सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से उनकी हर साजिश विफल हुई है।
सीएम योगी ने कहा कि यह यात्रा आज सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता की प्रतीक बन चुकी है। बरेली में लाखों श्रद्धालुओं ने नाथ गलियारे में जलाभिषेक कर आस्था की मिसाल पेश की है।
बरेली के लिए 545 परियोजनाएं: विकास की गूंज
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2264 करोड़ रुपये की 545 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें शामिल हैं-
1258 करोड़ की 222 पूर्ण परियोजनाएं।
1004 करोड़ की 322 नई परियोजनाएं।
नाथ गलियारा, बाढ़ सुरक्षा, फ्लाईओवर, यूनानी मेडिकल कॉलेज, नगर निगम भवन, ऊर्जा विभाग, ग्रामीण पेयजल योजना, आदि प्रमुख योजनाएं।
नाथ गलियारे के अंतर्गत अलखनाथ, त्रिपठीनाथ, गोपेश्वरनाथ, पशुपतिनाथ मंदिरों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
छह हजार युवाओं को मिला नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम में रोजगार मेले के माध्यम से चयनित 6000 से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। सीएम योगी ने इस मौके पर कहा- 2017 से पहले नौकरी चाचा-भतीजे की जागीर थी। अब 8.5 लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी गई हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत युवाओं को ₹5 से ₹10 लाख तक का गारंटी फ्री, ब्याज मुक्त ऋण प्रदान किया जा रहा है।
12,000 से अधिक बेटियों को पुलिस भर्ती में मौका
सीएम योगी ने बताया कि हाल ही में 60,244 पुलिसकर्मियों की भर्ती पूरी हुई है, जिनमें 12,000 बेटियां शामिल हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का सार्वजनिक रूप से सम्मान समारोह आयोजित करें।
विरासत को विकास से जोड़ रही डबल इंजन सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बरेली हर तीसरे महीने दंगों की आग में झुलसता था, लेकिन आज यह शहर नाथ कॉरिडोर और आध्यात्मिक पर्यटन की पहचान बन चुका है। अब उत्तर प्रदेश की पहचान है वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज और वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट। यूपी अब राम, कृष्ण, बुद्ध और जैन तीर्थंकरों की तपोभूमि को आधुनिक ढांचे से जोड़ रहा है।
सीएम योगी ने साफ कहा कि अब योजनाएं जाति, मजहब या क्षेत्र के आधार पर नहीं, बल्कि सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर चल रही हैं।
केंद्र व राज्य सरकार की संयुक्त योजनाएं
कार्यक्रम में जिन योजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास हुआ, उनमें शामिल हैं-
रामगंगा बाढ़ सुरक्षा योजना।
संडा पाल मार्ग चौड़ीकरण।
यूनानी मेडिकल कॉलेज भवन।
नगर निगम कार्यालय।
गैस संरक्षण परियोजनाएं।
रामनगर किला, अकछत्र पार्श्वनाथ दिगंबर मंदिर में पर्यटन विकास कार्य।
प्रमुख जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति
इस अवसर पर मंच पर कई प्रमुख नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें कैबिनेट मंत्री: सुरेश कुमार खन्ना, धर्मपाल सिंह, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार): जेपीएस राठौर, अरुण कुमार सक्सेना, राज्य मंत्री: संजय सिंह गंगवार, सांसद: छत्रपाल सिंह गंगवार, जिला पंचायत अध्यक्ष: रश्मि पटेल, महापौर: उमेश गौतम, विधायक: संजीव अग्रवाल, प्रो. श्याम बिहारी लाल, डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, डॉ. डीसी वर्मा, डॉ. एमपी आर्य, विधान परिषद सदस्य: डॉ. जयपाल सिंह, बहोरन लाल मौर्य, हरी सिंह ढिल्लो, कुंवर महाराज सिंह आदि प्रमुख थे।