महिला आयोग की सख्ती के बाद दुष्कर्म आरोपी जलालुद्दीन गिरफ्तार, वीडियो बना कर करता था ब्लैकमेल

आगरा। मदद के नाम पर महिला से दुष्कर्म करने वाले कथित अधिवक्ता जलालुद्दीन को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान की कड़ी नाराजगी और 24 घंटे में गिरफ्तारी के निर्देश के बाद पुलिस हरकत में आई और आरोपी को जीआईसी मैदान के पास से दबोच लिया। इससे पहले पुलिस ने दबाव बनाने के लिए आरोपी के परिजनों को हिरासत में लिया और लगातार दबिशें दी थीं।

Jul 10, 2025 - 18:43
 0
महिला आयोग की सख्ती के बाद दुष्कर्म आरोपी जलालुद्दीन गिरफ्तार, वीडियो बना कर करता था ब्लैकमेल
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी कांग्रेस नेता जलालुद्दीन।

शाहगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की भाईयों से विवाद चल रहा था, इसी दौरान उसकी मुलाकात मंटोला निवासी तथाकथित अधिवक्ता जलालुद्दीन से हुई थी। वह खुद को मददगार बताकर महिला के करीब आया। एक दिन बीमारी के बहाने उसे घर से बाहर ले गया और एमजी रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय में बंदूक की नोंक पर दुष्कर्म किया। आरोपी ने घटना का वीडियो भी बना लिया और किसी को बताने पर बदनाम करने की धमकी दी। डर के चलते महिला चुप रही, जिससे आरोपी के हौसले बढ़ गए। वह लगातार ब्लैकमेल कर महिला के साथ दुष्कर्म करता रहा।

इतना ही नहीं, जलालुद्दीन ने महिला पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाना शुरू कर दिया। परेशान होकर महिला अपने पति के साथ गुजरात जाकर रहने लगी। इसके बाद आरोपी ने महिला की जमीन हड़पने की कोशिश की और उस पर झूठा चोरी का केस दर्ज करा दिया। जब महिला को इसकी जानकारी हुई तो वह आगरा लौटी। आरोपी ने दोबारा धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया और विरोध करने पर उस पर चाकू से हमला कर दिया।

पीड़िता ने एक हिन्दूवादी महिला नेता की मदद से पुलिस आयुक्त से मुलाकात की और अपनी आपबीती बताई। पुलिस आयुक्त के आदेश पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ, लेकिन गिरफ्तारी न होने पर महिला ने राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता चौहान से संपर्क कर न्याय की गुहार लगाई। डॉ. चौहान ने थानाध्यक्ष को 24 घंटे में गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

पुलिस की सख्ती और दबिशों के बाद आरोपी को अंततः गिरफ्तार कर लिया गया।

इस समूचे मामले में शहर कांग्रेस की भी काफी किरकिरी हुई क्योंकि आरोपी शहर कांग्रेस में उपाध्यक्ष रहा है। शहर अध्यक्ष अमित सिंह ने इस मामले से यह कहकर पल्ला झाड़ लिया था कि जांच में सही पाये जाने पर पार्टी कार्रवाई के बारे में सोचेगी। चूंकि यह अपराध सबसे पहले कांग्रेस दफ्तर में हुआ था, इसी वजह से कांग्रेस की किरकिरी हो रही थी। Top of Form

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor