सावन में शिवमय हुआ आगरा: कलश यात्रा, महा रुद्राभिषेक और श्रीराम कथा से गूंजे मंदिर, उमड़ी आस्था

आगरा। सावन मास के पावन अवसर पर आगरा के विभिन्न शिवालयों और धार्मिक स्थलों पर रविवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कहीं भव्य कलश यात्रा निकली, कहीं महा रुद्राभिषेक के साथ भोलेनाथ का अभिषेक हुआ तो कहीं श्रीराम कथा और सत्यनारायण कथा की अमृतवर्षा ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। यमुना तट से लेकर जीवनी मंडी और मोती कटरा तक पूरा शहर हर-हर महादेव के जयघोष और वैदिक मंत्रोच्चार से शिवमय हो उठा।

Aug 2, 2026 - 22:10
 0
सावन में शिवमय हुआ आगरा: कलश यात्रा, महा रुद्राभिषेक और श्रीराम कथा से गूंजे मंदिर, उमड़ी आस्था
बूढ़ी का नगला, दयालबाग स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव के शुभारंभ पर निकाली गई भव्य कलश यात्रा में सिर पर कलश धारण कर शामिल महिलाएं।

यमुना तट पर भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ सावन महोत्सव, श्रीराम कथा में गूंजा शिव-भक्ति का संदेश

यमुना तट स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर, बूढ़ी का नगला, दयालबाग में रविवार को भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय सावन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। प्रातःकाल भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन, रुद्राभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अनुष्ठान संपन्न हुआ। इसके बाद लाल परिधान धारण किए महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर भव्य शोभायात्रा निकाली। यात्रा में प्रथम पूज्य भगवान गणेश की आकर्षक सवारी, राम दरबार, राधा-कृष्ण (युगल बिहारी जी) तथा नंदी पर विराजमान भगवान शिव एवं माता गौरा-पार्वती की मनोहारी झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।

इसके बाद कथा पांडाल में चित्रकूट धाम के कथा व्यास पंडित विमलेश त्रिवेदी महाराज ने श्रीराम कथा के प्रथम दिवस कहा कि सावन भगवान शिव की आराधना का सर्वोत्तम काल है और भगवान शिव स्वयं श्रीराम के परम भक्त हैं। कार्यक्रम में सुनील शर्मा, महिला मंडल अध्यक्ष सरिता तिवारी, बूट्टी तिवारी, नीलू पांडेय, करुणा तिवारी, ममता, मंजुला, हेमलता राजपूत, शुभी द्विवेदी, यामिनी शुक्ला, सुमन शुक्ला, आशा मिश्रा, प्रियंका अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

श्री खाटू श्याम मंदिर में 108 महा रुद्राभिषेक

श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी में सावन विशेष महा रुद्राभिषेक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ जारी है। रविवार को श्रद्धालु रवि शंकर अग्रवाल एवं उषा अग्रवाल ने पांच विद्वान ब्राह्मणों के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का महा रुद्राभिषेक किया। मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष सावन में 108 महा रुद्राभिषेक कराने का संकल्प लिया जाता है और इस वर्ष भी प्रतिदिन चार यजमान रुद्राभिषेक कर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सावन पूर्णिमा पर महाआरती, महाअभिषेक और प्रसादी वितरण का विशेष आयोजन होगा। महोत्सव की व्यवस्थाएं हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विकास गोयल, विपिन बंसल एवं अमित गोयल संभाल रहे हैं।

श्री धनकामेश्वर मंदिर में सावन महोत्सव का शुभारंभ

धन्ना की बगीची, मोती कटरा स्थित लगभग 200 वर्ष प्राचीन श्री धनकामेश्वर मंदिर में बाबा धनकामेश्वर नाथ बगीची समिति के तत्वावधान में सावन महोत्सव एवं महा रुद्राभिषेक कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री सत्यनारायण कथा के साथ हुआ। ठाकुर जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के बाद कथा का आयोजन हुआ और श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक कथा का श्रवण किया। इसके उपरांत प्रकाश चंद्र गुप्ता एवं सीमा देवी ने प्रथम महा रुद्राभिषेक संपन्न कराया।

समिति के अध्यक्ष राजेश पायलट एवं कोषाध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता सह मंत्री शरण गुप्ता, खलीफा बिरजू पहलवान, राजीव गुप्ता, मनीष गर्ग, बंटी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor