कृष्ण–रस में डूबा आगरा: नन्दोत्सव, भजन और बाल लीलाओं से गूंजा श्रीमदभागवत कथा–स्थल

आगरा। बोदला क्षेत्र के महारानी बाग में चल रही श्रीमद्भागवत कथा का पांचवां दिन रविवार को पूर्णतः कृष्णमय हो गया। बालक श्रीकृष्ण की माखन चोरी से लेकर पूतना वध तक की लीलाओं का रोचक वर्णन होते ही कथा स्थल भक्ति–रस से सराबोर हो उठा। नन्दोत्सव की धूम, झूलों की अनुगूंज और भजनों की मिठास से ऐसा प्रतीत हुआ मानो गोकुल स्वयं आगरा आ पहुंचा हो।

Nov 27, 2025 - 19:13
 0
कृष्ण–रस में डूबा आगरा: नन्दोत्सव, भजन और बाल लीलाओं से गूंजा श्रीमदभागवत  कथा–स्थल
भागवत कथा के दौरान नंदोत्सव के भजनों पर नृत्य करतीं महिला श्रद्धालु।

श्रीमद्भागवत कथा के पांचवे दिन कथा वाचक भगवताचार्य दिनेश दीक्षित ने व्यास पीठ से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का सुन्दर वर्णन किया। कथा में गोकुल के नन्दोत्सव, माखन चोरी, महारास, गोवर्धन पूजा तथा दैत्य–वध की दिव्य कथाएं सुनते ही श्रद्धालु दिव्य भाव में डूब गए।

कन्हैया झूले पलना नेक धीरे झौंटा दीजो…, राधा हमारी गौरी गौरी नवल किशोरी…, “नन्द के आनंद भयो…जय कन्हैया लाल की…जैसे सुरमधुर भजनों पर भक्तों ने तालियां बजाईं, नृत्य किया और पूरे परिसर में आध्यात्मिक उल्लास फैल गया।

कथा के दौरान पूतना, शकटासुर, अघासुर, तृणावर्त और बकासुर वध की कथा सुनाई गई। जैसे ही भगवान की बाल लीला का वर्णन शुरू हुआ, पंडाल राधे–कृष्ण  के जयकारों से गूंज उठा। गर्ग ऋषि द्वारा श्रीकृष्ण–कन्हैया के नामकरण का भावपूर्ण प्रसंग भी सुनाया गया।

महारानी बाग में आयोजित कथा स्थल पर नन्दोत्सव की थीम सजावट, झूले और गीतों ने माहौल को ब्रज जैसा दिव्य रूप दे दिया।

कथा शुरू होने से पहले हनुमान चालीसा पाठ हुआ। मथुरा से आए रामवीर सिंह चौधरी ने भगवताचार्य दिनेश दीक्षित को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। कथा विराम पर आरती हुई और सभी भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में डॉ. जी.एस. राणा, अनीता राणा, डॉ. अरुण प्रताप सिंह, राजीव सोलंकी, स्नेहलता सोलंकी, सतेन्द्र कटारा, लोकेश, शिवम, प्रिया, सीमा भदौरिया, अजय सिंह, सुधाकर त्यागी, हेमन्त, ओम बिहारी, लाल सिंह लोधी, अरविन्द दुबे, दिलीप स्वामी, डॉ. लक्ष्मण सिंह आदि उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor