आगराः 24 घंटे में चोरी का खुलासा, कर्मचारी ही चुरा रहा था फैक्ट्री से बैटरियां, चोर संग खरीदार भी गिरफ्तार
आगरा में थाना एत्मादुद्दौला पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ऑटोमोटिव फैक्ट्री से हुई बैटरी चोरी का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर करीब 98 हजार रुपये की चोरी गई बैटरियां बरामद की हैं, जिनमें फैक्ट्री का ही कर्मचारी मुख्य आरोपी निकला।
आगरा। थाना एत्मादुद्दौला क्षेत्र के नेमिनाथ नगर, नवलगंज स्थित एक ऑटोमोटिव फैक्ट्री से विगत 8 फरवरी को हुई चोरी का थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। उक्त फैक्ट्री में इलेक्ट्रिक स्कूटी की असेंबलिंग का कार्य किया जाता है।
फैक्ट्री मालिक को फैक्ट्री के स्टोर में रखी खराब व पुरानी बैटरियों के स्टॉक से बैटरियां चोरी होने का संदेह हुआ। संदेह के आधार पर जब फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो फुटेज में फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारी गोविंद शर्मा पुत्र राम प्रकाश को दिनांक 6 फरवरी को एक कार्टन में पुरानी बैटरियां ले जाते हुए देखा गया। पूछताछ करने पर गोविंद ने चोरी से इंकार कर दिया।
इस संबंध में फैक्ट्री मालिक द्वारा थाना एत्मादुद्दौला में मुकदमा दर्ज कराया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने नुनिहाई रोड के घाट तिराहे से मोटरसाइकिल पर सवार दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के कब्जे से फैक्ट्री से चोरी की गई आठ बैटरियां, जिनकी अनुमानित कीमत 98,000 रुपये है, बरामद की गईं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अमित पुत्र सुशील, निवासी धौराऊ, थाना खंदौली, ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह बीएसए फैक्ट्री के पास स्थित एक दुकान में काम करता है और अभियुक्त गोविंद शर्मा से सस्ते दामों में पुरानी बैटरियां खरीद लेता था।
वहीं दूसरे अभियुक्त गोविंद शर्मा, निवासी रामनगर, थाना एत्मादुद्दौला, ने भी ऑटोमोटिव फैक्ट्री से पुरानी बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार कर ली है।
दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।