आगरा के शौकिया गायकों ने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की याद में सजाई सुरों की शाम
आगरा। बॉलीवुड के महान संगीतकार लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल की अमर धुनों को संगीतमयी श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से शहर की अग्रणी संगीत संस्था 'द रियल वॉइस क्लब' द्वारा आयोजित एक भव्य संगीत संध्या में शौकिया गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। यह आयोजन शुलभपुरम, सिकंदरा-बोदला रोड स्थित 'टीआरवी क्लब' परिसर में संपन्न हुआ।
-द रियल वॉइस क्लब की संगीतमय संध्या में गूंजे अमर गीत, सुरेन्द्र साथी रहे मुख्य अतिथि
सुरों से सजी श्रद्धांजलि संध्या
कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी सिनेमा के चर्चित गीतकार सुरेन्द्र साथी ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। वरिष्ठ पत्रकार एवं सांस्कृतिक समीक्षक डॉ. महेश धाकड़, क्लब के सीईओ देव प्रकाश शर्मा, संस्थापक रविन्द्र विशन एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनूप दीक्षित विशिष्ट अतिथि के रूप में मंचासीन रहे।
गीतकार सुरेन्द्र साथी ने संगीत को समाज में जोड़ने वाली शक्ति बताया और क्लब द्वारा संगीत के संबर्द्धन के प्रयासों की सराहना की। डॉ. महेश धाकड़ ने पत्रकारिता और सांस्कृतिक अभिरुचियों के तालमेल पर अपने अनुभव साझा किए।
गूंजे अमर गीतों के स्वर
वरिष्ठ गायक देव प्रकाश शर्मा ने स्वयं लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के लोकप्रिय भूले-बिसरे गीतों को अपनी मधुर आवाज़ में प्रस्तुत किया। क्लब के संस्थापक रविन्द्र विशन ने सभी का स्वागत करते हुए आयोजन की पृष्ठभूमि बताई।
टीआरवी क्लब के प्रतिभाशाली गायकों मनोज शर्मा, चन्द्र प्रकाश गुप्ता, रूपेश मल्होत्रा, कल्पना सैंगर, ईशा, संजय विश्वकर्मा, निर्मल विशन, प्रदीप वर्मा, विशाल सागर, संजय गोयल, घनश्याम सिंह चौहान, दिलीप सोलंकी, विजय सिंह लोधी, अरविन्द बघेल समेत अन्य ने लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल के सदाबहार गीतों को सुरों में पिरोकर प्रस्तुत किया। दर्शकों ने हर प्रस्तुति पर तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।