अंबेडकर विवि का दीक्षांत समारोह कल, 79,832 छात्रों को उपाधि, पदकों पर बेटियों का रहेगा दबदबा

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 92वां दीक्षांत समारोह 3 अगस्त को शिवाजी मण्डपम, खंदारी परिसर में आयोजित होगा। राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह में 79,832 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। 64 मेधावी विद्यार्थियों को 88 पदकों से सम्मानित किया जाएगा, जिनमें छात्राओं का दबदबा रहेगा। समारोह में HPV टीकाकरण अभियान, पोषण बास्केट वितरण, कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, मानद उपाधि, खिलाड़ियों व शिक्षकों का सम्मान और डिजिटल डिग्री का लाइव प्रदर्शन भी प्रमुख आकर्षण होंगे।

Aug 2, 2026 - 20:25
 0
अंबेडकर विवि का दीक्षांत समारोह कल, 79,832 छात्रों को उपाधि, पदकों पर बेटियों का रहेगा दबदबा
विवि के दीक्षांत समारोह का रिहर्सल करातीं कुलपति प्रो. आशु रानी।

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा का 92वां दीक्षांत समारोह सोमवार, 03 अगस्त को स्वामी विवेकानंद (खंदारी) परिसर स्थित शिवाजी मण्डपम में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी। समारोह की पूर्व संध्या पर रविवार को कुलपति प्रो. आशु रानी के निर्देशन में मुख्य रिहर्सल का आयोजन किया गया, जिसमें अधिकारियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन के साथ भाग लिया।

रिहर्सल की शुरुआत कुलपति, विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों एवं शिक्षकों की पारंपरिक शोभायात्रा से हुई। इसके बाद मेधावी विद्यार्थियों को पदक, उपाधि एवं पुरस्कार प्रदान करने की संपूर्ण प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया। विश्वविद्यालय मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने 'पर्यावरण गीत' पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर समारोह की भव्यता में चार चांद लगा दिए। समारोह में राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (NCTE) के चेयरमैन प्रो. पंकज अरोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय तथा राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह की शोभा बढ़ाएंगे।

करीब 80 हजार विद्यार्थियों को मिलेगी उपाधि

इस वर्ष विश्वविद्यालय कुल 79,832 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान करेगा। 
स्नातक (UG) – 55,686 विद्यार्थी
स्नातकोत्तर (PG) – 9,150 विद्यार्थी
प्रोफेशनल पाठ्यक्रम – 14,826 विद्यार्थी
पीएचडी – 167 शोधार्थी
डी.लिट्. – 03 शोधार्थी

यह विश्वविद्यालय के इतिहास के सबसे बड़े दीक्षांत समारोहों में से एक माना जा रहा है।

64 मेधावियों को मिलेंगे 88 पदक

शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए 64 मेधावी विद्यार्थियों को कुल 88 स्वर्ण, रजत एवं अन्य पदकों से सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि इनमें 46 छात्राएं और 18 छात्र शामिल हैं, जो विश्वविद्यालय में छात्राओं के लगातार बेहतर प्रदर्शन और बढ़ती शैक्षणिक उपलब्धियों को दर्शाता है। समारोह में पारंपरिक हस्तशिल्प एवं ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध गोल्डन ग्रास (मदुर) शिल्पकार अरधेंदु शेखर दास को विश्वविद्यालय की ओर से मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।

एचपीवी टीकाकरण और पोषण अभियान बनेगा विशेष आकर्षण

इस बार दीक्षांत समारोह केवल डिग्री वितरण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि महिला स्वास्थ्य जागरूकता का भी संदेश देगा। स्वास्थ्य विभाग एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO), आगरा के सहयोग से 14–15 वर्ष आयु वर्ग की 100 बालिकाओं के लिए निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर रोधी एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित किया जाएगा। टीकाकरण कराने वाली बालिकाओं को स्वयं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल प्रमाण-पत्र प्रदान करेंगी। गृह विज्ञान संस्थान के आहार एवं पोषण विभाग द्वारा ICMR-NIN मानकों के अनुरूप तैयार की गई विशेष 'पोषण बास्केट' भी बालिकाओं को भेंट की जाएगी। इसमें रागी न्यूट्री बिस्किट, मोरिंगा-सोरघम मठरी, चोको नट कैंडी, आंवला कैंडी, कैरामेलाइज्ड गुड़ मखाना, हेल्दी शिकंजी और पोटैटो चिप्स शामिल हैं। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को पोषण किट और प्राथमिक विद्यालयों को पुस्तकें भी वितरित की जाएंगी।

हैंडमेड फ्लावर बुके से होगा अतिथियों का स्वागत

समारोह में अतिथियों के स्वागत के लिए गृह विज्ञान संस्थान के होम मैनेजमेंट विभाग की छात्राओं ने पूरी तरह हस्तनिर्मित आकर्षक फ्लावर बुके तैयार किए हैं। पाइप क्लीनर, टेप, बीड्स, कोरियन पेपर और स्पंज से बने ये बुके विश्वविद्यालय की रचनात्मकता और नवाचार का प्रतीक होंगे।

कई विकास परियोजनाओं का होगा लोकार्पण और शिलान्यास

दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल विश्वविद्यालय की कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगी। इनमें विश्वविद्यालय मॉडल स्कूल का जीर्णोद्धार, मियावाकी (निधिवन) परियोजना, चाणक्य सदन एवं अतिथि गृह का एकीकरण, सुल्तानगंज परिसर में 'शताब्दी भवन', कणाद हाई-टेक इंस्ट्रूमेंटेशन सेंटर, आंबेडकर प्रतिमा स्थल का नवीनीकरण तथा छलेसर परिसर में सुभाष चंद्र बोस मुख्य द्वार, लॉन टेनिस कोर्ट और सड़क निर्माण परियोजनाएं शामिल हैं। इसके साथ ही खंदारी परिसर स्थित आंबेडकर भवन एवं टीचर्स होम (12 आवास) के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास भी किया जाएगा।

डॉक्यूमेंट्री, डिजिटल डिग्री और खिलाड़ियों का सम्मान भी रहेगा आकर्षण

समारोह में विश्वविद्यालय के सामुदायिक रेडियो 90.4 'आगरा की आवाज़' द्वारा शताब्दी वर्ष एवं दीक्षोत्सव पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री और लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। खेलो इंडिया, नॉर्थ जोन और अखिल भारतीय विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान, शिक्षकों की पुस्तकों का लोकार्पण, राष्ट्रीय शैक्षणिक डिपॉजिटरी (NAD) पर डिजिटल डिग्री का लाइव प्रदर्शन, एचडीएफसी बैंक के सीएसआर सहयोग से संचालित गतिविधियां तथा एचपीवी अभियान में सहयोग देने वाले प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों का सम्मान भी समारोह के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।