आगरा में ऑटो गैंग का पर्दाफाशः पुलिस ने 48 घंटे में किया लूट का खुलासा, तीन शातिर गिरफ्तार
आगरा। सिकंदरा थाना पुलिस ने महज़ 48 घंटे में लूट की वारदात पर तत्काल एक्शन लेते हुए खुलासा कर क्षेत्र में सक्रिय ऒटो गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने गैंग के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सामान और नकदी बरामद की है।
एसीपी अक्षय महाडिक ने बताया कि 25 अक्टूबर को दहतोरा मोड़ पर ऑटो में बैठे व्यक्ति से लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पीड़ित से मोबाइल फोन और नकदी लूटकर बदमाश फरार हो गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए सिकंदरा थाना प्रभारी ने पुलिस टीम गठित कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी थी।
लगातार सर्विलांस और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ऑटो गैंग के तीन शातिर अपराधियों शिवम, आसिफ और सुहैल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से लूटा गया मोबाइल फोन, 5400 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी शिवम पर पहले से ही चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं। गैंग सक्रिय रूप से ऑटो में सवार यात्रियों को निशाना बनाकर लूटपाट करता था। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य साथियों की भी तलाश की जा रही है।