मनःकामेश्वर मंदिर पहुंचे भाजपा के सह प्रभारी अनंत ओझा, बाबा के दर्शन कर ग्रहण की प्रसादी
आगरा के श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में आयोजित वार्षिक भंडारे में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। बुधवार को भाजपा उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अनंत ओझा मंदिर पहुंचे। उन्होंने बाबा के दर्शन, पूजन-अर्चन और प्रसादी ग्रहण की। श्री महंत योगेश पुरी एवं मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने उनका स्वागत किया। भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने भी पत्र भेजकर भंडारे के लिए शुभकामनाएं दीं।
15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने वार्षिक भंडारे में पाई प्रसादी, भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने पत्र भेजकर दीं शुभकामनाएं
आगरा। श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में आयोजित बाबा के वार्षिक भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच बुधवार को भाजपा उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी अनंत ओझा बाबा के दरबार में पहुंचे। उन्होंने भगवान मनःकामेश्वर के दर्शन कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान मंदिर के महंत एवं मठ प्रशासन की ओर से उनका स्वागत और सम्मान किया गया।
दरअसल, श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में सोमवार, 16 नवंबर को बाबा का वार्षिक भंडारा आयोजित किया गया था। इस धार्मिक आयोजन में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की थी। व्यस्त कार्यक्रमों के चलते अनंत ओझा भंडारे में शामिल नहीं हो सके थे। इसी के चलते बुधवार को वह विशेष रूप से बाबा के दर्शन करने मंदिर पहुंचे।
मंदिर पहुंचने पर श्री महंत योगेश पुरी और मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने उनका स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर माधवी अग्रवाल भी उपस्थित रहीं। अनंत ओझा ने भगवान मनःकामेश्वर के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने मंदिर की प्रसादी ग्रहण की।
महंत ने कराए मंदिर के दर्शन, बताईं धार्मिक परंपराएं
श्री महंत योगेश पुरी ने अनंत ओझा को मंदिर परिसर का भ्रमण कराया। इस दौरान उन्हें श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर की प्राचीन धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराया गया। उन्होंने मंदिर परिसर स्थित वेदांत मंदिर में विराजित भगवान वेद के भी दर्शन किए। वहीं, मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने विधिवत पूजन संपन्न कराया। मंदिर की व्यवस्थाओं और धार्मिक गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। दर्शन के दौरान अनंत ओझा ने मंदिर की आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।
विनोद तावड़े ने पत्र भेजकर दीं शुभकामनाएं
बाबा के वार्षिक भंडारे के अवसर पर भाजपा उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े ने भी अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। व्यस्तताओं के चलते वह आयोजन में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने पत्र के माध्यम से बाबा के वार्षिक भंडारे के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं भेजीं। वार्षिक भंडारे में 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की ओर से प्रकट की गई श्रद्धा ने आयोजन को विशेष बना दिया।