फरीदपुर कोआपरेटिव बैंक के 1.31 करोड़ के गबन में शाखा प्रबंधक गिरफ्तार, तीन और पर शिकंजे की तैयारी
बरेली। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड बरेली की फरीदपुर शाखा में किसान सम्मान निधि और विधवा पेंशन निधि की रकम में 1 करोड़ 31 लाख 6 हजार 69 रुपये से अधिक के गबन के मामले में शाखा प्रबंधक गौरव वर्मा को पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। तीन अन्य अभियुक्तों की तलाश जारी है।
इस तरह से किया गया गबन
अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) आईपीएस अंशिका वर्मा के अनुसार, बैंक के वरिष्ठ सहायक अंकित कुमार की तहरीर पर 8 जुलाई 2025 को थाना फरीदपुर में मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि बैंककर्मियों ने योजना के पात्र उपभोक्ताओं के खातों से बड़ी रकम हड़प ली। मुकदमे में धारा 316(5), 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस के तहत गौरव वर्मा, लिपिक/कैशियर चंद्र प्रकाश, लिपिक/कैशियर दीपक पांडे और पूर्व शाखा प्रबंधक मुकेश कुमार गंगवार को नामजद किया गया।
गौरव वर्मा का कबूलनामा
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में गौरव वर्मा ने बताया कि मई 2022 से वह फरीदपुर शाखा के प्रबंधक पद पर कार्यरत था। पूर्व शाखा प्रबंधक मुकेश गंगवार के कार्यकाल में करीब 40–45 लाख रुपये का गबन हुआ था। उसके कार्यकाल में लगभग 80–90 लाख रुपये की हेराफेरी हुई। उसने लिपिक चंद्र प्रकाश को अपने सिस्टम का आईडी-पासवर्ड दे रखा था। चंद्र प्रकाश ने फर्जी आधार मैपिंग से करीब 550 खाते खोले और उनमें जमा योजना की राशि में से लगभग 90 लाख रुपये निकाल लिए। अब भी लगभग 60 लाख रुपये बैंक में शेष हैं।
जांच और कार्रवाई
मामले की विवेचना निरीक्षक अपराध रविन्द्र कुमार नैन कर रहे हैं। पुलिस की टीमें फरार तीन अभियुक्तों चंद्र प्रकाश, दीपक पांडे और मुकेश गंगवार की तलाश में दबिश दे रही हैं।