आगरा के नगला बूढ़ी में डिवाइडर पर चढ़ी कार उछलकर भीड़ पर गिरी, तीन की मौत की सूचना, कई घायल
आगरा। शहर में शुक्रवार की शाम मौत बनकर आई। थाना न्यू आगरा क्षेत्र के नगला बूढ़ी मोहल्ले में उस समय दिल दहला देने वाला हादसा हुआ जब कथित रूप से नशे में धुत युवक ने अपनी तेज रफ्तार आई-20 कार से सड़क किनारे बैठे लोगों को रौंद डाला। चंद सेकंड में मंजर ऐसा बना कि हर ओर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में तीन से चार लोगों के मौत की सूचना है, जबकि कई गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
आगरा में न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी में शुक्रवार की देर शाम बेकाबू कार से हुए भीषण हादसे के बाद घटनास्थल की तस्वीरें।
हादसे की भयावह तस्वीर
यह भीषण दुर्घटना शाम करीब आठ बजे बाद की है। बताया गया कि मंगलम अपार्टमेंट की ओर से तेज गति से आ रही एक टाटा नैक्सन गाड़ी जब देसी शराब के ठेके के पास पहुंची, तो चालक ने पहले एक डिलीवरी ब्याय को टक्कर मारी और इसके बाद शराब ठेके के सामने खड़ी महिला और उसके बेटे को टक्कर मारी। इसके बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और हवा में उछलते हुए सड़क के दूसरी ओर बैठे लगभग लोगों के ऊपर जा गिरी।
जिस समय हादसा हुआ, उसी समय पास के एक परिवार में उठावनी खत्म हुई थी, जिसमें शामिल लोग सड़क किनारे बैठे हुए थे। पलक झपकते ही यह स्थल मातम में बदल गया।
घटनास्थल पर मचा कोहराम
भयावह हादसे के बाद मौके पर अराजक स्थिति बन गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। आसपास के लोग जब घटनास्थल पर पहुंचे, तो गाड़ी के नीचे कई लोग दबे हुए दिखे। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में गाड़ी को धक्का देकर पलटाया और घायलों को निकालने का प्रयास किया। हादसे में घायल हुए सात लोगों को निजी वाहनों और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका
सूत्रों के अनुसार, अब तक कमल पुत्र सतीश और बंटेश पुत्र रामजीलाल की मौत की पुष्टि हो चुकी है। बताया गया कि बंटेश के माता-पिता पहले ही गुजर चुके हैं। मौके पर मौजूद लोग अस्पतालों से लौटकर कह रहे हैं कि कई लोग अब भी जीवन-मृत्यु से जूझ रहे हैं, जबकि कुछ ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि कितनी मौतें हुई हैं लेकिन नगला बूढ़ी के सूत्र तीन से चौर मौतों की बात कह रहे हैं।
आरोपी चालक को लोगों ने बुरी तरह पीटा
गाड़ी चालक को पब्लिक ने मौके पर पकड़कर जमकर पीटा। भीड़ इतनी उग्र थी कि अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो चालक की जान चली जाती। पुलिस ने किसी तरह युवक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले जाकर हिरासत में लिया। गाड़ी के एयरबैग खुलने के कारण चालक की जान बच गई, लेकिन भीड़ द्वारा की गई पिटाई की वजह से उसकी हालत बिगड़ी हुई बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही न्यू आगरा थाना प्रभारी राजीव त्यागी व कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया और घटनास्थल पर यातायात बहाल करने में जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शी बोले- जैसे मौत उड़कर आई हो
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि गाड़ी हवा में उछलकर सीधी उन पर गिरी जो सड़क किनारे बैठे थे। जिसने भी यह दृश्य देखा, वह सिहर उठा। लोग चिल्ला रहे थे, बच्चे रो रहे थे, और हर तरफ खून फैला हुआ था।