आगरा के जऊपुरा में तड़के घर पर कारभर पत्थरों से हमला, दहशत में आया परिवार
आगरा के जऊपुरा गांव में मंगलवार तड़के दबंगों ने कारभर पत्थर लाकर एक परिवार के घर पर जमकर पथराव किया। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। हमलावर गालियां देते हुए फरार हो गए। परिवार पूरी रात दहशत में रहा और पुलिस अब फुटेज व कार नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के जऊपुरा गांव में मंगलवार सुबह चार बजे राजू प्रजापति के घर पर दबंग युवकों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। पथराव करने के लिए हमलावर कार में पत्थर भरकर लाए थे। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक कार घर के बाहर आकर रुकती है। कार से उतरे युवक ने डिग्गी खोलकर पत्थर निकालना शुरू किया और घर पर फेंकने लगा। कुछ ही देर बाद दूसरा युवक भी पत्थर निकाल-निकालकर बरसाने लगा। इस दौरान आरोपी जोर-जोर से गालियां भी दे रहे थे।
अचानक हुए पथराव से घर में सो रहे परिजन दहशत में आ गए। राजू प्रजापति की पत्नी छोटे बच्चे को लेकर घर के अंदर छिप गई। घर का आंगन और कमरे ईंट-पत्थरों से पट गए। हमलावर कुछ देर तांडव मचाने के बाद कार से वापस लौट गए।
हमले के बाद राजू प्रजापति ने पुलिस को सूचना दी। थाना सिकंदरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और कार के नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।