महादेव की शरण में पहुंचे सीईसी ज्ञानेश कुमार, बोले- पारदर्शी चुनावों की नींव है शुद्ध मतदाता सूची
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार मंगलवार सुबह परिवार के साथ आगरा के कैलाश महादेव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक किया। उन्होंने कहा कि देश में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों के लिए शुद्ध मतदाता सूची बेहद जरूरी है। आगरा दौरे के दौरान उन्होंने माता-पिता का आशीर्वाद लिया और डीएम मनीष बंसल से भी मुलाकात की।
आगरा। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार का आगरा दौरा आस्था, परिवार और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता का अनूठा संगम बन गया। सोमवार शाम दिल्ली से आगरा पहुंचे ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार सुबह पत्नी अनुराधा, माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ प्राचीन कैलाश महादेव मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
मंदिर परिसर में उन्होंने भगवान शिव का दुग्धाभिषेक किया और करीब 45 मिनट तक पूजा-पाठ में समय बिताया। इस दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने पिता का हाथ थामकर आरती की। मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने श्रद्धालुओं और मंदिर प्रशासन से भी मुलाकात की।
मंदिर परिसर के बाहर मीडिया से बातचीत करते हुए ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न होने के बाद वह पत्नी के साथ आगरा आए हैं। उन्होंने बताया कि सबसे पहले माता-पिता का आशीर्वाद लिया और फिर भगवान महादेव के दर्शन कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
चुनावी प्रक्रिया पर बात करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावों की सबसे मजबूत नींव शुद्ध मतदाता सूची होती है। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि जिन लोगों का वोटर आईडी कार्ड नहीं बना है, वे जल्द बनवाएं और लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें।
आगरा प्रवास के दौरान ज्ञानेश कुमार का पारिवारिक पक्ष भी सामने आया। सोमवार शाम करीब 5:30 बजे आगरा पहुंचने के बाद वह सबसे पहले विजय नगर स्थित अपने पैतृक आवास पहुंचे। वहां उन्होंने अपने पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता और माता सत्यवती के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता स्वास्थ्य विभाग में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
परिवार से मुलाकात के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त आगरा के जिलाधिकारी आवास पहुंचे, जहां उन्होंने अपने दामाद एवं आगरा के जिलाधिकारी मनीष बंसल से भेंट की। उनकी बेटी मेधा रूपम वर्तमान में नोएडा की जिलाधिकारी के रूप में कार्यरत हैं।
कैलाश महादेव मंदिर में दर्शन के बाद उनका मनकामेश्वर महादेव मंदिर जाने का भी कार्यक्रम रहा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच लोगों ने मुख्य चुनाव आयुक्त का स्वागत किया।