उत्तराखंड के धराली गांव में बादल फटने से तबाही, 4 की मौत, 50 लापता, सेना-आईटीबीपी रेस्क्यू में जुटीं
उत्तरकाशी (उत्तराखंड)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में कुदरत ने विकराल रूप दिखाया। मंगलवार दोपहर करीब 1:45 बजे हर्षिल क्षेत्र के धराली गांव में बादल फटने की भीषण घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। घटना के तुरंत बाद खीर गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया और मलबा तेजी से बस्ती की ओर आया और यह मलबा सब कुछ बर्बाद करता चला गया।
चार की मौत, 50 से ज्यादा लापता
राहत और बचाव कार्य में जुटी एसडीआरएफ और जिला प्रशासन ने पुष्टि की है कि अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं जबकि 50 से अधिक लोग लापता हैं। कई मकान, दुकानें, होटल और वाहन क्षतिग्रस्त हो चुके हैं।
वीडियो में दिखा विनाश का मंजर
स्थानीय लोगों द्वारा बनाए गए वीडियो में पहाड़ से मलबे का रेला तेज़ी से आता दिखता है। लोग चीखते हुए भाग रहे हैं, कुछ बच्चे और बुज़ुर्ग सड़क किनारे मदद की गुहार लगाते दिखे। बाजार क्षेत्र और आसपास के घर पूरी तरह मलबे में दब चुका है। मलबा के गुबार में पूरा गांव ढंक गया है।
सेना और आईटीबीपी ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचीं। सेना ने अब तक 30 से अधिक लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है। राहत शिविरों में प्रभावितों के लिए भोजन, पानी और दवाओं की व्यवस्था की गई है। निगरानी और सप्लाई का कार्य किया जा रहा है।
उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चार मौतों की पुष्टि करते हुए बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरी ताकत से जारी है।
गृह मंत्री अमित शाह ने की सीएम धामी से बात
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताते हुए बचाव कार्यों की समीक्षा की और कहा कि प्रत्येक नागरिक की जान की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्थिति का संज्ञान लेकर मुख्यमंत्री से बात की और राष्ट्रीय एजेंसियों को हरसंभव सहायता के निर्देश दिए हैं।