मिट्टी की ढाय बनी मौत का कारण, खंदौली में 19 वर्षीय मजदूर सचिन की दर्दनाक मौत

आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के मलूपुर गांव में मिट्टी खोदने के दौरान अचानक ढाय (मिट्टी का बड़ा हिस्सा) भरभराकर गिर गई, जिससे 19 वर्षीय मजदूर सचिन उसकी चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू कर दी है।

Jun 11, 2026 - 23:04
 0
मिट्टी की ढाय बनी मौत का कारण, खंदौली में 19 वर्षीय मजदूर सचिन की दर्दनाक मौत
मृतक मजदूर सचिन।

आगरा। आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र के मलूपुर गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। परिवार की आर्थिक मदद करने के लिए मजदूरी करने गया 19 वर्षीय सचिन मिट्टी की ढाय गिरने से मौत का शिकार हो गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, मलूपुर निवासी सचिन अपने चाचा राजेश के साथ मजदूरी का काम कर रहा था। देर रात दोनों मिट्टी खोदकर उसे ठेली में भर रहे थे। काम के दौरान अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे आ गिरा। इससे पहले कि सचिन संभल पाता, वह मिट्टी के नीचे दब गया।

ग्रामीणों ने बचाने की भरसक कोशिश की

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण और अन्य मजदूर तुरंत सचिन को बचाने में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद उसे मिट्टी के नीचे से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल ले जाया गया। परिजनों और ग्रामीणों को उम्मीद थी कि समय रहते इलाज मिल जाने से उसकी जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

छह भाइयों में चौथे नंबर पर था सचिन

मृतक सचिन छह भाइयों में चौथे नंबर का था। परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य होने के कारण वह कम उम्र में ही मजदूरी कर परिवार का सहारा बन गया था। उसकी असामयिक मौत से परिवार के सामने भावनात्मक और आर्थिक दोनों तरह का संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है। स्थानीय लोग हादसे को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही खंदौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम गांव पहुंची थी। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।