'ब्रज आएं, पुण्य कमाएं; गंदगी नहीं, स्वच्छता की मिसाल छोड़ जाएं'— गोकुल के ठकुरानी घाट से गूंजा स्वच्छ ब्रज का संकल्प

गोकुल। ब्रज की आध्यात्मिक गरिमा, स्वच्छ यमुना और स्वच्छ तीर्थ की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को गोकुल के ऐतिहासिक ठकुरानी घाट पर व्यापक स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। ब्रज वैभव अभियान के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में हार्टफुलनेस फाउंडेशन के स्वयंसेवकों, उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद तथा नगर पंचायत गोकुल के कर्मियों ने श्रमदान कर घाट और आसपास के क्षेत्र की सफाई की। इस दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और यमुना संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Aug 2, 2026 - 21:22
 0
'ब्रज आएं, पुण्य कमाएं; गंदगी नहीं, स्वच्छता की मिसाल छोड़ जाएं'— गोकुल के ठकुरानी घाट से गूंजा स्वच्छ ब्रज का संकल्प
गोकुल के ठकुरानी घाट पर रविवार को चलाए गये स्वच्छता महाअभियान के अंतर्गत सफाई कार्य करते स्वयंसेवक।

'हम सबने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है' के संकल्प के साथ चले इस अभियान में घाट परिसर से कूड़ा-करकट हटाया गया तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों से सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, पूजा सामग्री को यमुना में प्रवाहित करने के बजाय निर्धारित स्थानों पर डालने तथा सभी घाटों को स्वच्छ रखने की अपील की गई। विभिन्न राज्यों से भगवान श्रीकृष्ण की नगरी गोकुल पहुंचे तीर्थयात्रियों को स्वच्छता संबंधी पत्रक वितरित किए गए और उन्हें स्वच्छ एवं हरित ब्रज के निर्माण में सहभागी बनने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं से विशेष अपील करते हुए कहा गया कि "ब्रज आएं, पुण्य कमाएं; गंदगी नहीं, स्वच्छता की मिसाल छोड़ जाएं।" अभियान का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि ब्रज आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु में स्वच्छता के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करना भी है।

हार्टफुलनेस फाउंडेशन के कोऑर्डिनेटर निशांत शर्मा ने कहा कि ब्रज वैभव अभियान अब जनसहभागिता के माध्यम से जनआंदोलन का रूप ले रहा है। इसके जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरूकता और आध्यात्मिक मूल्यों को एक साथ जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, जिला प्रशासन, नगर निगम तथा हार्टफुलनेस फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। हाल ही में अभियान की गतिविधियों की प्रस्तुति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी दी गई थी। मुख्यमंत्री ने इस जनभागीदारी आधारित पहल की सराहना करते हुए इसे ब्रज क्षेत्र के लिए प्रेरणादायी अभियान बताया था।

अभियान के समापन पर विभिन्न शहरों से गोकुल पहुंचे स्वयंसेवकों ने यमुना संरक्षण, स्वच्छ ब्रज और पर्यावरण संवर्धन के लिए निरंतर कार्य करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस जनअभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।

स्वच्छता अभियान के माध्यम से आयोजकों ने स्पष्ट संदेश दिया कि ब्रज की पहचान केवल धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल तीर्थ के रूप में भी स्थापित होनी चाहिए। इसके लिए स्थानीय नागरिकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और श्रद्धालुओं की सक्रिय भागीदारी ही सबसे बड़ी ताकत है।

SP_Singh AURGURU Editor