आगरा के कमला नगर जैन मंदिर में आस्था का संगम: उपाध्यायश्री विहसंत सागर ससंघ का मंगल प्रवेश, पंचकल्याणक महोत्सव की गूंज
आगरा। धर्म, आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब मेडिटेशन गुरु उपाध्यायश्री विहसंत सागर महाराज एवं मुनिश्री विश्वसौम्य सागर महाराज ससंघ का कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश हुआ। मैनपुरी से मंगल विहार करते हुए पहुंचे संतों के स्वागत में पूरा क्षेत्र जयकारों से गूंज उठा और मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। यह मंगल प्रवेश 23 से 27 अप्रैल तक एमडी जैन इंटर कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले श्री आदिनाथ पंचकल्याणक महोत्सव के उपलक्ष्य में हुआ।
श्रद्धा, भक्ति और सम्मान का अद्भुत दृश्य
कमला नगर जैन समाज द्वारा उपाध्यायश्री ससंघ का भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने पाद प्रक्षालन कर गुरुदेव के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा व्यक्त की। पूरे वातावरण में भक्ति और उल्लास का संगम देखने को मिला।
मंगल प्रवेश के उपरांत आयोजित धर्मसभा में उपाध्यायश्री विहसंत सागर महाराज ने धर्म, संयम, तप और आत्मकल्याण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पंचकल्याणक महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति का सशक्त माध्यम है।
पंचकल्याणक महोत्सव की तैयारियां
कार्यक्रम के दौरान पंचकल्याणक महोत्सव से जुड़े प्रमुख पात्रों- तीर्थंकर बालक के माता-पिता, सौधर्म इंद्र, कुबेर, नायक-नायिका सहित अन्य पात्रों का सार्वजनिक अभिनंदन किया गया। सभी का मुकुट, माला एवं साफा पहनाकर भव्य सम्मान किया गया, जिससे आयोजन में गौरव और उत्सव का वातावरण और प्रबल हो गया।
इस अवसर पर श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव समिति, श्री सर्वोतोभद जिनालय ट्रस्ट एवं परिवार बल्केश्वर के पदाधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनोज बाकलीवाल ने किया।
समारोह में जगदीश प्रसाद जैन, पारस जैन कंसल, पारसदास जैन, रजत जैन, पंकज जैन, अंकेश जैन, मनोज जैन बल्लो, शुभम जैन, राजीव जैन बैक, दिलीप जैन, सुमेर जैन पांडया, कमल जैन, आकाश जैन, नीतेश जैन, अलकृंत जैन, स्नेहलता जैन, मधु जैन कंसल, आशा जैन, अंकिता जैन अहिंसा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।