पानी को लेकर कांग्रेसियों का नगर निगम में खाली बर्तनों संग प्रदर्शन

आगरा। महानगर में पेयजल की सप्लाई कई दिन बाधित रहने की वजह से लोगों का धैर्य टूटने लगा है। शहरवासियों की हो रही तकलीफ को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को नगर निगम में खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई।

Sep 25, 2024 - 15:35
 0
पानी को लेकर कांग्रेसियों का नगर निगम में खाली बर्तनों संग प्रदर्शन
शहर में पेयजल समस्या को लेकर नगर निगम परिसर में खाली बर्तनों संग प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता।

शहर में पिछले दस दिन से पानी की सप्लाई बाधित है। लोगों ने शुरुआत के एक-दो दिन तो इंतजार किया, लेकिन इसके बाद भी पानी नहीं मिला तो लोगों को परेशानी होने लगी। लोगों ने समरसेबिल, हैंडपंपों आदि से पानी की जरूरत पूरी की। दो-तीन दिन पहले कुछ इलाकों में पेयजल सप्लाई बहाल हो गई थी। बीते कल फिर से तमाम इलाकों में पानी की आपूर्ति बाधित रही। कमला नगर, बल्केश्वर में तीन-चार दिन से सप्लाई बाधित चल रही थी। आज पूर्वाह्न में यहां के लोगों को पानी मिला। 

पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज नगर निगम के गेट पर धरना और प्रदर्शन किया। कांग्रेसी खाली बाल्टियां और अन्य बर्तन लेकर आए थे। नगर निगम के गेट पर बैठकर उन्होंने नगरायुक्त और महापौर के खिलाफ नारे लगाए।

SP_Singh AURGURU Editor