संविधान और सद्भाव की रक्षा को तैयार रहें कांग्रेसजनः सम्मेलन में भाजपा पर तीखे हमले

आगरा। ग्वालियर रोड स्थित नागला माकरौल के अंबेडकर पार्क में आयोजित ‘जय बापू - जय भीम - जय संविधान सम्मेलन’ में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए संविधान एवं सामाजिक सद्भाव की रक्षा के लिए एकजुट संघर्ष का आह्वान किया। यह आयोजन जिला कांग्रेस कमेटी और शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसकी संयुक्त अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार और शहर अध्यक्ष अमित सिंह ने की।

May 31, 2025 - 20:37
 0
संविधान और सद्भाव की रक्षा को तैयार रहें कांग्रेसजनः सम्मेलन में भाजपा पर तीखे हमले
नगला माकरौल में आयोजित कांग्रेस सम्मेलन में मौजूद जिला और शहर के वरिष्ठ कांग्रेसजन।  

संघर्ष के लिए फिर तैयार हों कांग्रेसजन- जाहिद अंसारी

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद कांग्रेस के प्रदेश कोऑर्डिनेटर जाहिद अंसारी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर भाजपा की जनविरोधी नीतियों और संविधान विरोधी रवैये को उजागर करें। उन्होंने कहा कि यह तभी संभव होगा जब संगठन को बूथ स्तर पर मज़बूत किया जाए। समाज में भाजपा की ओर से फैलाए जा रहे वैमनस्य को कांग्रेसजन मिलकर विफल करें।

भाजपा संविधान को मिटाने पर तुली है- शर्मा

सम्मेलन में राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता रमाशंकर शर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को नष्ट करने की दिशा में काम कर रही है। महात्मा गांधी, जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे नेताओं को अपशब्द कहने वालों को भाजपा संसद में भेजती है और सम्मानित करती है। ये हमारे संविधान और लोकतंत्र का अपमान है।

सरकार से भी रखी मांग

सम्मेलन में यह मांग भी की गई कि डॉ. अंबेडकर के विचारों और संविधान की मूल भावना को स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ाया जाए, ताकि युवाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों की सही जानकारी मिल सके।

सम्मेलन में अनेक वरिष्ठ नेता रहे शामिल

इस कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष अरुण कुमार शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता रामदत्त दिवाकर, विष्णु दत्त शर्मा, डॉ. मधुरिमा शर्मा, गीता सिंह, लक्ष्मी नारायण सिंह, महेंद्र सिंह गुर्जर, संतोष पाल, अर्जुन बघेल, राकेश ताजगंज और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धर्मवीर शर्मा ने किया।

SP_Singh AURGURU Editor