'एक पेड़ मां के नाम' से गूंजा गुरु का ताल परिसर: लीडर्स आगरा ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

आगरा। पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था 'लीडर्स आगरा' ने गुरुद्वारा गुरु के ताल परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान से प्रेरित इस कार्यक्रम में संस्था के सदस्यों ने अपनी माताओं के सम्मान और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए पौधे रोपे। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का दायित्व बताते हुए लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का भी सामूहिक संकल्प लिया गया।

Aug 3, 2026 - 19:09
 0
'एक पेड़ मां के नाम' से गूंजा गुरु का ताल परिसर: लीडर्स आगरा ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
गुरुद्वारा गुरु का ताल परिसर में सोमवार को पौधारोपण करते लीडर्स आगरा के पदाधिकारी और सदस्य।

कार्यक्रम के दौरान परिसर में मुख्य रूप से अशोक के पौधों का रोपण किया गया। संस्था के सदस्यों ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और लगातार घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ-साथ उनकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने संस्था के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए हर नागरिक का जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

डॉ. पार्थसारथी शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार हर व्यक्ति अपनी मां के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करता है, उसी भावना से लगाए गए पौधों के लंबे और सुरक्षित जीवन की भी कामना करनी चाहिए।

कार्यक्रम संयोजक संजय कुमार एडवोकेट और रोबिन जैन, महामंत्री सुनील जैन, सरदार विनोद सिंह, पार्षद शरद चौहान, मंडल अध्यक्ष राहुल जैन, स्वीटी चौहान, सुनील बग्गा, अपूर्वा सिंह जादौन, अंजलि गुप्ता, सुमित अग्रवाल, टी.एन. सिंह चौहान, रोबिन जैन, हरिकांत शर्मा, संजय कुमार एडवोकेट, राजदीप ग्रोवर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor