कठुआ में मुठभेड, दो आतंकवादी मारे गये, तीन जवान शहीद

जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में आज आतंकवादियों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गये जबकि जम्मू कश्मीर पुलिस के तीन जवान भी शहीद हो गये।

Mar 27, 2025 - 22:52
Mar 27, 2025 - 23:25
 0
कठुआ में मुठभेड, दो आतंकवादी मारे गये, तीन जवान शहीद

कठुआ में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई इस मुठभेड़ में जम्मू कश्मीर पुलिस के पांच जवान घायल हुए थे, जिनमें से तीन की बाद में मौत हो गई। कठुआ के राजबाग घाटी के जूथाना इलाके में जखोले गांव के पास यह मुठभेड़ हुई। 

सुरक्षा बल इन दिनों उन आतंकवादियों के खात्मे का अभियान चला रहे हैं, जिनके हाल ही में घुसपैठ करने की सूचनाएं सामने आई थीं। इसी अभियान के दौरान जखोले गांव में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें विस्फोट तो हुआ ही, दोनों ओर से भारी गोलीबारी भी की गई। 

मुठभेड़ में एक विशेष पुलिस अधिकारी, एक उप विभागीय पुलिस अधिकारी और तीन अन्य सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे, जिनमें से तीन के शहीद होने की खबर आ रही है। सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को भी ढेर कर दिया है। इस मुठभेड़ में जम्मू कश्मीर पुलिस के अलावा सेना, बीएसएफ और सीआरपीएफ के जवान भी शामिल थे।