अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर मांगी डेढ़ लाख की रंगदारी, महिला ने दर्ज कराया मुकदमा
आगरा के एत्माददौला थाना क्षेत्र में एक महिला को उसकी तस्वीरें और कथित अश्लील सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आगरा। थाना एत्माददौला क्षेत्र में साइबर उत्पीड़न और रंगदारी का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने तीन लोगों पर उसकी तस्वीरें और कथित अश्लील सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर डेढ़ लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता का आरोप है कि क्षेत्र निवासी राजा, धीरज और नीतू काफी समय से उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोपियों के पास उसकी कुछ तस्वीरें होने का दावा करते हुए वे लगातार उस पर रुपये देने का दबाव बना रहे थे। महिला का कहना है कि आरोपियों ने फोन कॉल और मोबाइल संदेशों के माध्यम से धमकियां दीं कि यदि उसने उनकी मांग पूरी नहीं की तो उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर वायरल कर दिए जाएंगे।
पति के मोबाइल पर भी भेजी गई अश्लील सामग्री
महिला ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आरोपियों ने उसके मोबाइल फोन पर अश्लील वीडियो और आपत्तिजनक सामग्री भेजी। इतना ही नहीं, उसके पति के मोबाइल नंबर पर भी इसी तरह की सामग्री भेजकर परिवार को मानसिक तनाव और सामाजिक बदनामी का भय पैदा किया गया। पीड़िता का आरोप है कि जब उसने आरोपियों की मांग का विरोध किया तो उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और गाली-गलौज कर डराने-धमकाने का प्रयास किया गया। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर उसने पुलिस की शरण ली।
मोबाइल नंबरों की जांच में जुटी पुलिस
शिकायत के साथ महिला ने पुलिस को उन मोबाइल नंबरों की जानकारी भी उपलब्ध कराई है, जिनसे कथित रूप से धमकी भरे कॉल और संदेश भेजे जा रहे थे। पुलिस अब इन नंबरों की कॉल डिटेल, मैसेज रिकॉर्ड और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मुकदमा दर्ज, साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
थाना एत्माददौला पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजा, धीरज और नीतू के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।