आगरा में पुलिस के रास्ता रोकने पर किसानों का गुस्सा फूटा, इनर रिंग रोड के अंडरपास पर जाम

आगरा। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले बुधवार को किसानों का आक्रोश सड़कों पर फूट पड़ा। सदर तहसील अध्यक्ष रणजीत सिंह यादव के नेतृत्व में बमरौली कटारा से निकली तिरंगा यात्रा फतेहाबाद रोड इनर रिंग रोड अंडरपास पर पुलिस द्वारा खड़े गिये गये अवरोध में थम गई। ट्रैक्टरों के आगे जेसीबी लगाकर रोकने से नाराज किसानों ने सड़क पर धरना देकर कुछ समय के लिए जाम लगा दिया।

Aug 13, 2025 - 21:00
 0
आगरा में पुलिस के रास्ता रोकने पर किसानों का गुस्सा फूटा, इनर रिंग रोड के अंडरपास पर जाम
इनर रिंग रोड के अंडरपास पर पुलिस द्वारा किसानों की तिरंगा यात्रा रोके जाने के विरोधस्वरूप जाम लगाते किसान। मौके पर मौजूद पुलिस।

इस दौरान किसान नेताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी मांगों को अनदेखा किया जा रहा है। आमजन की परेशानी को देखते हुए पुलिस ने बाद में जाम को खुलवाया।

इस दौरान मौके पर पहुंचे एसीपी छत्ता पीयूष कांत राय को किसानों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। ज्ञापन में सीईटीए और एफटीए का विरोध, सभी फसलों के लिए C2+50% एमएसपी गारंटी, सम्पूर्ण कर्जमाफी, बिजली निजीकरण का विरोध, 10,000 रुपये मासिक पेंशन, पुराने ट्रैक्टर व डीजल वाहन प्रतिबंध हटाना, सरकारी स्कूलों को मजबूत करना, झूठे मुकदमे वापस लेना, साम्प्रदायिक हिंसा पर रोक और आलू किसानों के लिए विशेष निर्यात नीति आदि का उल्लेख किया गया है।

कार्यक्रम में तांती राम जादौन, कृपाल सिंह फौजदार, नाथू सिंह धाकरे, धर्मेंद्र लवानिया, हरेंद्र सिंह जसावत, श्यामवीर चाहर समेत सैकड़ों किसान शामिल हुए। पुलिस ने रैली स्थल पर भारी फोर्स तैनात किया हुआ था।

किसानों की यह तिरंगा यात्रा कृषि नीतियों और ग्रामीण समस्याओं पर सरकार को चेतावनी के रूप में देखी जा रही है, जिससे स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर भी दबाव बढ़ा है।

SP_Singh AURGURU Editor