महिला पहलवान यौन उत्पीड़न मामले में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह बरी, राउज एवेन्यू कोर्ट ने कुश्ती संघ के पूर्व सचिव विनोद तोमर को भी दी राहत
नई दिल्ली। भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों द्वारा दर्ज कराए गए यौन उत्पीड़न मामले में बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को उन्हें सभी आरोपों से बरी कर दिया। अदालत ने इस मामले में सह-आरोपी और भारतीय कुश्ती महासंघ के पूर्व सचिव विनोद तोमर को भी आरोपों से मुक्त कर दिया। अदालत द्वारा फैसला सुनाए जाने के वक्त दोनों न्यायालय में मौजूद थे।
अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्विनी पंवार ने यह फैसला सुनाया। यह निर्णय लगभग तीन वर्षों तक चली न्यायिक प्रक्रिया, 127 से अधिक सुनवाई और दोनों पक्षों की अंतिम दलीलें पूरी होने के बाद आया। अदालत ने 2 जुलाई 2026 को फैसला सुरक्षित रख लिया था और 3 अगस्त को निर्णय सुनाने की तिथि निर्धारित की थी।
फैसले के बाद क्या बोले बृजभूषण शरण सिंह
अदालत से बरी होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि मैंने पहले ही कह दिया था कि अगर आरोप साबित हुए तो वे फांसीद पर लटक जाएंगे। आज का दिन मेरे लिए बहुत खुशी का दिन है। अंततः सच्चाई की जीत हुई। साथ ही उन्होंने अपने परिवार और समर्थकों का आभार भी व्यक्त किया।
क्या है पूरा मामला
यह मामला वर्ष 2023 में सामने आया था, जब देश की कई महिला पहलवानों ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। आरोपों के बाद दिल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और बाद में अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया। इस घटनाक्रम के बाद महिला पहलवानों का आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना और इसने खेल, राजनीति तथा समाज में व्यापक बहस को जन्म दिया।
बता दें कि यह मामला तब उठा था जब देश में 2024 के लोकसभा चुनाव की तैयारियां चल रही थीं। महिला पहलवानों के आरोपों ने भाजपा नेतृत्व के सामने बहुत मुश्किल खड़ी कर दी थी। हरियाणा का कांग्रेसी हुड्डा परिवार इस मामले को लगातार तूल दे रहा था। यहां तक कि उस समय कुछ खाप पंचायतें भी इस मामले में कूद पड़ी थीं। मामले को राजपूत बनाम जाट बनाने की कोशिशें की गईं।
इस दुविधा से बचने के लिए भाजपा नेतृत्व ने किसी तरह बृजभूषण शरण सिंह को चुनाव न लड़ने के लिए राजी किया और उनकी जगह पर उनके बेटे करण भूषण सिंह को अपना उम्मीदवार बनाया था।