उत्तू गांव में एक साथ जली चार चिताएं, बिलख उठे परिजन, गमगीन हुआ पूरा गांव

फतेहपुर सीकरी/किरावली (आगरा)। ग्राम पंचायत दाउदपुर के मजरा उत्तू गांव में रविवार दोपहर बाद उस समय मातम पसर गया, जब चार शवों को एक साथ लाकर अंतिम संस्कार किया गया। गांव में तैयार की गई चार चिताओं में जैसे ही मुखाग्नि दी गई, सैकड़ों ग्रामीणों की आंखें भर आईं। चारों मृतक एक ही परिवार के सदस्य थे।

Jun 29, 2025 - 20:49
 0
उत्तू गांव में एक साथ जली चार चिताएं, बिलख उठे परिजन, गमगीन हुआ पूरा गांव
मिट्टी की ढाय गिरने से हुए हादसे में मृत उत्तू गांव के अनिकेत, विमलेश, योगेश कुमारी और विनोद कुमारी के फाइल फोटो।

मिट्टी की ढाय गिरने से गई थीं जानें

रविवार सुबह उत्तू गांव के दस ग्रामीण, जो वर्तमान में नगला जंगी में रहते हैं, भरतपुर जिले के दौलतगढ़ क्षेत्र में चंबल परियोजना की पाइपलाइन साइट से पीली मिट्टी लेने पहुंचे थे। इसी दौरान मिट्टी की भारी ढाय अचानक गिर गई और छह लोग उसमें दब गए। सूचना पर भारी संख्या में ग्रामीण, प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम पहुंची। जेसीबी से खुदाई के बाद कुछ लोगों को जीवित निकाला गया, पर इलाज के दौरान अनिकेत, विमलेश, योगेश कुमारी और विनोद कुमारी की मौत हो गई।

गांव में मातम, चार चिताएं एक साथ जलीं

चारों मृतक अनिकेत, विमलेश, योगेश कुमारी और विनोद कुमारी एक ही परिवार से जुड़े थे। सभी फौरन सिंह माहुरा नेताजी के परिवार के सदस्य थे। जैसे ही शव गांव पहुंचे, महिलाओं के क्रंदन से समूचा वातावरण करुणमय हो गया। दोपहर तीन बजे एक साथ सामूहिक चिता बनाकर चारों शवों का अंतिम संस्कार किया गया। यह दृश्य ऐसा था, जिसने हर आंख को नम कर दिया।

प्रशासनिक व राजनीतिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति

अंतिम संस्कार के समय एडीएम वित्त शुभांगी शुक्ला, एसडीएम नीलम तिवारी, गुड्डू चाहर, मुकेश डागुर, परमवीर चाहर (सांसद पुत्र), डॉ. रामेश्वर चौधरी, रामनाथ सिकरवार, राहुल रावत, प्रताप सिंह बघेल, अजय सिंह गौतम, बिमल वर्मा, थान सिंह प्रधान, गौरव सिंह (एसीपी) सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। पुलिस ने मौके की सुरक्षा व्यवस्था भी संभाली।

SP_Singh AURGURU Editor