श्रीलंका फतह का 'गंभीर' प्लान, 4 स्पिनर्स की टीम इंडिया में एंट्री, 15 से होगा पहला टेस्ट
भारत श्रीलंका से सभी 7 मैच श्रीलंका में हारा है, जहां परिस्थितियां स्पिनर्स के लिए मददगार रहती है। बीसीसीआई ने बड़ा फैसला लेते हुए 4 स्पिन गेंदबाजों को टीम के साथ जोड़ा है।
कोलंबो। भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार की दोपहर मुंबई से रवाना हुई और कोलंबो पहुंच गई है। दोनों के बीच 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 15 अगस्त से शुरू हो रही है। इससे पहले भारत और श्रीलंकाई इलेवन के बीच एक वार्म-अप मैच होगा। बेशक भारत मजबूत नजर आ रही है, लेकिन जिस तरह पिछली कुछ सीरीज गुजरी हैं, टीम कोई लापरवाही नहीं करना चाहती। श्रीलंका में परिस्थियां स्पिनर्स के लिए मददगार रहती है, जिसको ध्यान में रखते हुए बीसीसीआई ने एक बड़ा फैसला लिया और 4 स्पिन गेंदबाजों को नेट गेंदबाज के रूप में टीम के साथ जोड़ लिया।
श्रीलंका में स्पिनर्स के लिए मददगार परिस्थितियों को देखते हुए टीम इंडिया के साथ अलग-अलग शैली के 4 स्पिन गेंदबाजों को नेट गेंदबाज के रूप में जोड़ा है। शिवांग कुमार, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन और विपराज निगम को श्रीलंका दौरे के लिए नेट गेंदबाज के रूप में शामिल किया है। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार टीम मैनेजमेंट मानता है कि श्रीलंका में स्पिनर की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी। इसी वजह से भारतीय बल्लेबाजों को नेट में स्पिन की गेंदबाज का अभ्यास करवाया जाएगा, कोशिश है कि बल्लेबाज हर शैली के गेंदबाजों का सामना करें।
हर्ष दुबे लेफ्ट आर्म ऑर्थोडॉक्स स्पिनर हैं। विपराज निगम लेग स्पिनर हैं तो शिवांग कुमार लेफ्ट आर्म रिस्ट स्पिनर। तनुष कोटियन ऑफ स्पिनर हैं। अलग-अलग शैली के इन गेंदबाजों को नेट्स पर खेलकर भारतीय बल्लेबाज अपनी तैयारियों को मजबूत करेंगे।
भारत बनाम श्रीलंका पहला टेस्ट गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 15 अगस्त से शुरू होगा। दूसरा टेस्ट सिंहली स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में 23 अगस्त से शुरू होगा। इस सीरीज से पहले भारत को बड़ा झटका लगा, स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह चोट के कारण बाहर हो गए। वाशिंगटन सुंदर के खेलने पर भी सस्पेंस बरकार है, जिन्हें लेकर बीसीसीआई साफ कर चुका है कि उनका खेलना फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर करेगा।
भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट में कुल 46 मैच हुए हैं। श्रीलंका ने भारत के खिलाफ जीते सभी 7 मैच अपने होम ग्राउंड पर ही जीते हैं। एक बार फिर श्रीलंका जीतना चाहेगी, वहीं भारत को डब्ल्यटीसी के लिहाज से दोनों टेस्ट जीतने हैं।
भारत ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र की शुरुआत इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज से की थी। शुभमन गिल की कप्तानी में खेली गई पहली टेस्ट सीरीज ड्रा पर समाप्त हुई थी। भारत ने 2 मैच जीते थे 2 हारे थे, 1 मैच ड्रा रहा था। इसके आलावा भारत ने 2 टेस्ट वेस्टइंडीज के खिलाफ जीते और 2 टेस्ट दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हारे। भारत ने इस चक्र में कुल 9 टेस्ट खेले हैं, जिसमें से 4 जीते और इतने ही हारे हैं।