संजय प्लेस में लड़की से गैंगरेप हुआ थाः यह किसी के लिए तमाशा था तो किसी के लिए धंधे की जुगाड़

आगरा। आगरा के संजय प्लेस में रात के अंधेरे में एक नाबालिग लड़की से हुए रेप के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन अपराध की जो जानकारियां सामने आ रही हैं, उन्होंने उस अमानवीय सोच को भी सामने ला दिया है, जिसमें एक नाबालिग लड़की की चीखें किसी के लिए महज़ मज़े का तमाशा थीं और बाद में यही अपराध किसी अन्य के लिए धंधे की जुगाड़। इस बीच पुलिस ने यह भी खुलासा किया है कि नाबालिग लड़की से दो आरोपियों ने रेप किया था।

Aug 22, 2025 - 14:56
 0
संजय प्लेस में लड़की से गैंगरेप हुआ थाः यह किसी के लिए तमाशा था तो किसी के लिए धंधे की जुगाड़
हरीपर्वत पुलिस द्वारा मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया नाबालिग लड़की से बलात्कार का आरोपी जुनैद हुसैन।

-पीड़िता को तलाशने के बाद मुख्य आरोपी जुनैद को पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचा, और भी नाम सामने आएंगे

-आरोपियों ने वीडियो इसलिए बनाया था ताकि उसके आधार पर लड़की से आगे भी दुष्कर्म करते रहें

पीड़िता से रेप का आरोप जुनैद पर है जिसे हरीपर्वत पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। जुनैद जब यह दुष्कृत्य कर रहा था, उसी दौरान वहां मौजूद उसका एक साथी आसिफ हंसते हुए दृश्य का आनंद ले रहा था और वीडियो भी बना रहा था। इसके बाद आसिफ ने भी बालिका से रेप किया था।

बाद में यह वीडियो किसी दूसरे के मोबाइल तक पहुंचा तो दो अन्य के लिए इस बलात्कार कमाई का ज़रिया बन गया। इन दोनों मंशा आंशिक ही पूरी हो पाई तो इन्होंने वीडियो वायरल कर दिया। यह सच बताता है कि अगर धंधे वाला मंसूबा पूरा हो जाता तो शायद यह अपराध कभी सामने भी नहीं आता, क्योंकि पीड़िता भीख मांगकर पेट पालने वाली और मानसिक रूप से कमजोर लड़की है जो चुपचाप इस दर्द को सहकर दबा जाती।

हरीपर्वत पुलिस ने मुठभेड़ में जिस मुख्य आरोपी जुनैद को पकड़ा है, उसके पैर में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश अब भी जारी है। आरोपी जुनैद अबूलाला की दरगाह निवासी माजिद हुसैन का पुत्र है। उसका दूसरा साथी आसिफ वजीरपुरा निवासी हाजी अब्दुल सत्तार का बेटा है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिशें दे रही है। आरोपी जुनैद हुसैन की पुलिस के मुठभेड़ पालीवाल पार्क में जॊन्स पब्लिक लाइब्रेरी की ओर जाने वाली सड़क पर हुई। पुलिस पर गोली चलाने के बाद जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी है। उसके पास से अवैध दमंचा और कारतूस भी मिले हैं।

पकड़ में आते ही जुनैद ने उगल दिया सच

पुलिस के अनुसार गोली लगने के बाद पुलिस की गिरफ्त में आए जुनैद ने बताया है कि संजय प्लेस में एक छोटी लड़की अक्सर लोगों से बीस-बीस रुपये भीख के रूप में मांगती थी। जुनैद और उसके साथ आसिफ उर्फ रइयान ने तय किया कि इस लड़की को रुपयों का लालच देकर इसके साथ शारीरिक संबंध बनाएंगे। इसका वीडियो भी बना लेंगे ताकि वीडियो के आधार पर आगे भी उसके साथ दुष्कर्म करते रहें। 16 अगस्त की रात जुनैद और आसिफ ने लड़की को तलाशा तो वह कॊसमॊस मॊल के पास मिल गई।

पुलिस ने बताया कि जुनैद और आसिफ इस लड़कों को पैसों का लालच देकर संजय प्लेस कपड़ा मार्केट के बेसमेंट में ले गए और दोनों ने बारी-बारी से बालिका से बलात्कार किया। इसकी वीडियो भी बना ली। बाद में उन्होंने ये वीडियो अपने दोस्तों को भी दिखाई और शेयर भी कर दी। बाद में यह वीडियो वायरल होने लगी। पुलिस जब जुनैद के घर पहुंची तो पहले तो उसने साफ इनकार कर दिया कि वीडियो में वह नहीं है। बाद में वह घर से भाग गया और रात को पुलिस से उसका आमना-सामना हो गया। आसिफ की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।

लेन-देन हो गया होता तो सामने न आ पाती वारदात

पुलिस सूत्रों की मानें तो नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार के समय मौजूद दोनों युवकों ने जब अपने दोस्तों से वीडियो शेयर कर दिया तो यह एक युवक पर पहुंचा जो जो एक मीडिया संस्थान से जुड़ा हुआ है। इस मीडियाकर्मी ने अपने दोस्त के साथ जुनैद और आसिफ से पुलिस का भय दिखाकर डिमांड की। पुलिस को जुनैद ने बताया है कि उसने कुछ पैसा मीडियाकर्मी को दे भी दिया था, लेकिन उसकी डिमांड बहुत ज्यादा थी। उसे पूरा नहीं कर पाया तो उसे वीडियो वायरल कर दिया।

बता दें कि 18 अगस्त को यह वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आते ही आगरा पुलिस हरकत में आ गई थी। डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने नाबालिग पीड़िता को तलाशने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गईं थीं। पुलिस ने वीडियो से पीड़िता के आधार पर उसे खोज निकाला। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराने के बाद उसके बयान भी दर्ज किए। इसके बाद आरोपियों की तलाश शुरू हुई, जिसमें आरोपी जुनैद मुठभेड़ के बाद पकड़ में आ चुका है। दोनों आरोपियों पर 19 अगस्त को ही मुकदमा दर्ज हो गया था। पुलिस से संकेत मिल रहे हैं कि वीडियो वायरल करने वाले का नाम भी केस में बढ़ाया जा सकता है।

SP_Singh AURGURU Editor