आयुष लीजेंड्स की वैश्विक उड़ान: गोवा में होगा इंटरनेशनल आयुष कॉन्क्लेव 2.0

आगरा। भारतीय पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में सिविक संस्था (काउंसिल फॉर इंटरनेशनल वैद्य इंटीग्रेशन एंड कॉरपोरेशन) की आयुष लीजेंड सीरीज़ अब एक अंतरराष्ट्रीय आयाम की ओर बढ़ चली है। इस श्रृंखला के अंतर्गत आयोजित होने वाले इंटरनेशनल आयुष कॉन्क्लेव 2.0 गोवा का पोस्टर विमोचन गुरुवार को संजय प्लेस स्थित प्रतीक टावर में किया गया।

Jul 3, 2025 - 18:00
 0
आयुष लीजेंड्स की वैश्विक उड़ान: गोवा में होगा इंटरनेशनल आयुष कॉन्क्लेव 2.0
संजय प्लेस स्थित प्रतीक टावर में इंटरनेशनल आयुष कॉन्क्लेव 2.0 गोवा का पोस्टर विमोचन करते डॉ. एम एम कुरैशी, सीए अभिषेक जैन, पवन शर्मा और संजय गोयल।

-आगरा से शुरू हुई आयुष लीजेंड सीरीज़ को मिल रहा अंतरराष्ट्रीय विस्तार, जुलाई में गोवा में सम्मानित होंगे 150 वैद्य चिकित्सक

आगरा से हुई शुरुआत, अब गोवा में होगा भव्य आयोजन

कार्यक्रम के संयोजक और प्राकृतिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. एमएम कुरैशी ने बताया कि आयुष लीजेंड सीरीज़ की शुरुआत इसी वर्ष अप्रैल में आगरा से हुई थी, जहां देश-विदेश के 150 से अधिक आयुष चिकित्सकों को सम्मानित किया गया था। अब इसका दूसरा चरण 25 से 27 जुलाई के बीच गोवा के आईटीसी फॉर्च्यून होटल में आयोजित होगा, जिसमें भारत और विदेशों से 150 आयुष चिकित्सकों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें 15 चिकित्सक आगरा से भी चयनित किए गए हैं।

तीन दिवसीय कॉन्क्लेव में होंगे व्याख्यान, शोध सत्र और सम्मान समारोह

कॉन्क्लेव तीन चरणों में संपन्न होगा। पहले दिन पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों एवं आधुनिक तकनीकों पर आधारित व्याख्यान सत्र होगा। दूसरा दिन प्रतिभागी गोवा पर्यटन एवं सांस्कृतिक अनुभव हासिल करेंगे। तीसरा दिन शोध प्रस्तुति, वैज्ञानिक परिचर्चा और सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

मिलेगा आयुष विभूषण, विक्रम, उदय और उद्यमी सम्मान

सीए अभिषेक जैन ने बताया कि चयनित चिकित्सकों को आयुष विभूषण, आयुष विक्रम, आयुष उदय, और आयुष उद्यमी जैसे पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। ये सम्मान ऐसे विशेषज्ञों को दिए जाएंगे जिन्होंने आयुर्वेद, योग, यूनानी, सिद्ध और होम्योपैथी द्वारा जटिल बीमारियों का सफल इलाज किया हो, या नवाचार, सामाजिक स्वास्थ्य सेवा में योगदान दिया हो।

डॉ. प्रमोद सावंत और डॉ. रमेश तवाडकर होंगे मुख्य अतिथि

कॉन्क्लेव में गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत और गोवा विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमेश तवाडकर बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। साथ ही देश-विदेश से शीर्ष आयुष विशेषज्ञ, शोधकर्ता और नीति निर्माता भी शिरकत करेंगे।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर सीए अभिषेक जैन, पवन शर्मा (स्मार्ट विजन) एवं संजय गोयल भी उपस्थित रहे।

Bottom of Form

SP_Singh AURGURU Editor