आगरा के बासौनी क्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामलाः पिता के हाथों मारी गई खुशी का शव दो दिन की तलाश के बाद भी नहीं मिला, चंबल में जारी है सर्च ऑपरेशन

-नीरज परिहार- आगरा। आगरा के बासौनी क्षेत्र की मूल निवासी और परिवार के साथ दिल्ली में रह रही युवती खुशी की कथित ऑनर किलिंग के मामले में दो दिन तक चले सघन सर्च ऑपरेशन के बावजूद चंबल नदी से उसका शव बरामद नहीं हो सका है। दिल्ली पुलिस, आगरा की बासौनी थाना पुलिस और पिनाहट पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार चंबल नदी में तलाशी अभियान चला रही हैं। दिल्ली पुलिस का कहना है कि युवती की हत्या के बाद उसके शव को चंबल नदी में फेंक दिया गया था। अब शव की बरामदगी इस सनसनीखेज मामले की सबसे बड़ी कड़ी बन गई है।

Aug 5, 2026 - 18:29
 0
आगरा के बासौनी क्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामलाः पिता के हाथों मारी गई खुशी का शव दो दिन की तलाश के बाद भी नहीं मिला, चंबल में जारी है सर्च ऑपरेशन
मृतका खुशी का फाइल फोटो।

चंबल नदी में पड़ा मृतका का शव। पुलिस ने ये फोटो मृतका के पिता के मोबाइल से निकाला है। 

पुलिस के अनुसार दिल्ली के थाना तिगड़ी क्षेत्र में परिवार के साथ रह रही 18 वर्षीया खुशी को उसका पिता लखपत सिंह 29 जुलाई को दवा दिलाने के बहाने दिल्ली से आगरा के बासौनी क्षेत्र स्थित गांव लेकर आया था। आरोप है कि इसके बाद उसे चंबल नदी किनारे ले जाकर पानी में डुबोकर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद आरोपी पिता दिल्ली लौट गया और बेटी की गुमशुदगी दर्ज करा दी, ताकि किसी को हत्या की भनक न लगे।

जांच के दौरान दिल्ली पुलिस को कई अहम सुराग मिले। पिता के मोबाइल फोन की जांच में कथित रूप से घटना से जुड़े फोटो और वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस आरोपी को साथ लेकर आगरा जिले के बासौनी क्षेत्र में चंबल नदी पर उस जगह पहुंची, जहां कथित तौर पर खुशी को नदी में डुबोकर मारा गया था। पिता की निशानदेही पर लगातार दूसरे दिन भी सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

बासौनी क्षेत्र में चंबल नदी में सर्च ऒपरेशन चलातीं टीमें।

शव की तलाश के लिए पीएसी के गोताखोरों और स्थानीय पुलिस की टीमों को भी लगाया गया है। नदी के कई हिस्सों में तलाशी ली गई, लेकिन देर शाम तक युवती का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा।

फिलहाल दिल्ली पुलिस, बासौनी पुलिस और पिनाहट पुलिस संयुक्त रूप से पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। पुलिस का कहना है कि शव की बरामदगी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बहुचर्चित मामले पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार नजर बनाए हुए हैं।

SP_Singh AURGURU Editor