आगरा में एनआईएमएचएएनएस-2 की उम्मीद को मिली नई रफ्तार, केंद्रीय मंत्री बघेल ने जेपी नड्डा को सौंपा प्रस्ताव
उत्तर भारत में बेंगलुरु के NIMHANS की तर्ज पर राष्ट्रीय स्तर के मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान (NIMHANS-2) की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात कर आगरा के इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड हॉस्पिटल (IMHH) परिसर में NIMHANS-2 स्थापित करने का अनुरोध किया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
आगरा। उत्तर भारत में मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा से उनके कार्यालय में मुलाकात कर आगरा स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड हॉस्पिटल (IMHH) परिसर में राष्ट्रीय स्तर के मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान NIMHANS-2 की स्थापना का अनुरोध किया।
बजट घोषणा के बाद तेज हुई पहल
गौरतलब है कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान (NIMHANS) की तर्ज पर उत्तर भारत में एक नए संस्थान की स्थापना की घोषणा की थी। इसी घोषणा के बाद आगरा को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए उपयुक्त स्थान बनाने की कवायद तेज हो गई।
मुख्यमंत्री योगी से भी कर चुके हैं अनुरोध
प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने इससे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से व्यक्तिगत मुलाकात कर आगरा के IMHH परिसर में NIMHANS-2 स्थापित करने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया था। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री के आगरा दौरे के दौरान आयोजित सार्वजनिक सभा में भी उन्होंने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था।
यूपी सरकार ने भेजा विस्तृत प्रस्ताव
केंद्रीय मंत्री के प्रयासों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार कराया और IMHH, आगरा में NIMHANS-2 की स्थापना के समर्थन में मजबूत संस्तुति के साथ प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से हुई मुलाकात के दौरान प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने अपनी ओर से तैयार संस्तुति पत्र के साथ उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा भेजे गए संस्तुति पत्र और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) की प्रति भी जे.पी. नड्डा को सौंपी। उन्होंने आगरा में NIMHANS-2 की स्थापना के लिए शीघ्र निर्णय लेने का अनुरोध किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने दिया सकारात्मक संकेत
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जे.पी. नड्डा ने प्रो. एस.पी. सिंह बघेल द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव और उत्तर प्रदेश सरकार की संस्तुति पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया। यदि यह परियोजना आगरा को मिलती है, तो उत्तर भारत में मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान के क्षेत्र में यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। इससे न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि आसपास के कई राज्यों के मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार, अनुसंधान और मेडिकल शिक्षा की सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।