लॉयंस प्रयास का मानवीय उपहार : वनवासी बालिकाओं को मिला स्नेह से भरा राशन
आगरा। सेवा ही जीवन का सबसे बड़ा धर्म है। इसी संकल्प के साथ लॉयंस क्लब प्रयास ने रविवार को सुल्तानगंज की पुलिया स्थित नवीन मंघरानी वनवासी कन्या छात्रावास में रह रही पूर्वोत्तर राज्यों की 21 बालिकाओं के लिए एक महीने का राशन प्रदान किया। यह सेवा कार्य केवल खाद्य सामग्री तक सीमित नहीं रहा, बल्कि गीत-संगीत और अपनत्व की भावनाओं से भरा माहौल बन गया, जिसने सभी के दिलों को छू लिया।
क्लब अध्यक्ष रितेश मांगलिक ने कहा कि इन बालिकाओं की शिक्षा व जीवन निर्वाह में सहयोग करना क्लब के लिए गर्व की बात है। हमारा प्रयास है कि छात्राओं को परिवार जैसा स्नेह और सहयोग मिलता रहे।
पूर्व अध्यक्ष अशु मित्तल ने भावुक होकर कहा कि इन मासूम बालिकाओं की मुस्कान ही हमारी सेवा का सबसे बड़ा प्रतिफल है। आटा, चावल, दाल, मेवा आदि सामग्री देकर यदि हम उनके जीवन में थोड़ी राहत पहुंचा पाए, तो यही हमारे लिए संतोष है।
बालिकाओं ने गीत-संगीत की प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को भावनात्मक बना दिया। अखिल भारतीय वनवासी महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष डॉ. अनुराधा भाटिया और छात्रावास अध्यक्ष डॉ. प्रतिमा गुप्ता ने आभार जताते हुए कहा कि ऐसे सहयोग से ही छात्रावास में रह रही बेटियों का भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बनता है।
कार्यक्रम में सचिव सुरभि पाटनी, कोषाध्यक्ष पंकज गर्ग, तनुजा मांगलिक, रीना गर्ग, मोंटू पाटनी, आभा सरीन, रानू अग्रवाल, रचना अग्रवाल, कपिल मगन, अनिल सरीन, आशीष अग्रवाल, अंशुमन बावरी, हिमांशु दौनेरिया आदि मौजूद रहे।