जयपुर डंपर हादसाः आगरा के नानजी भाई का परिवार सुरक्षित. पांच घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
जयपुर। बीते सोमवार दोपहर जयपुर के हरमाड़ा थाना क्षेत्र के लोहामंडी रोड पर शराब के नशे में डंपर को दौड़ा रहे ड्राइवर ने जिन 17 गाड़ियों को रौंदा था, उसमें आगरा के नानजी भाई परिवार की गाड़ी भी शामिल थी। प्रारंभ में सूत्रों ने हादसे में नानजी भाई परिवार के तीन सदस्यों की मौत की सूचना थी, जो बाद में गलत निकली। कार में सवार नानजी भाई परिवार के पांच सदस्य घायल हुए थे, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
यह भीषण हादसा, जिसने पूरे राजस्थान को दहला दिया था, अभी भी स्थानीय लोगों में दहशत की वजह बना हुआ है। नशे में डंपर दौड़ा रहे ट्राइवर ने तीन सौ मीटर की दूरी में एक के बाद एक कुल 17 वाहनों को रौंदा था, जिसमें घटनास्थल पर ही 13 लोगों की मौत हो गई थी जबकि एक की बात में मौत हुई। अब तक कुल 14 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे में दस लोग घायल हुए थे, जिनमें आगरा के नानजी भाई परिवार के पांच सदस्य भी शामिल हैं। यह परिवार आगरा से खाटूश्याम दर्शन के लिए जा रहा था। जब इनकी गाड़ी सड़क किनारे खड़ी थी, तभी डंपर ने उसमें टक्कर मारी थी, जिसमें परिवार के पांच सदस्य घायल हुए थे। इन सभी को जयपुर के अस्पतालों में ही भर्ती कराया गया है।
इस हादसे के बारे में aurguru.com में सोमवार (तीन नवंबर 2025) को प्रकाशित खबर में नानजी भाई परिवार के तीन लोगों की मौत की सूचना दी गई थी जो बाद में तथ्यात्मक रूप से गलत निकली। नानजी भाई परिवार के पांच सदस्य घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।
खेद प्रकाशः- हमारी पूर्व प्रकाशित रिपोर्ट में हुई त्रुटि के लिए हमें खेद है। हम आगरा निवासी नानजी भाई परिवार के सभी पांचों सदस्यों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने और उनकी दीर्घायु की कामना करते हैं। (सं.)