आगरा किले में गूंजा महाराजा सूरजमल का गौरवगान, विजय दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

आगरा किले के जहांगीर महल में महाराजा सूरजमल विजय दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने किया आयोजन। केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने महाराजा सूरजमल के योगदान को बताया प्रेरणादायी। विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने भारतीय संस्कृति और वीरता की परंपराओं को बताया कार्यक्रम का केंद्र। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महाराजा सूरजमल के शौर्य और राष्ट्रभक्ति को किया गया नमन। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों की बड़ी भागीदारी रही।

Jun 13, 2026 - 02:07
 0
आगरा किले में गूंजा महाराजा सूरजमल का गौरवगान, विजय दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब
आगरा किले के जहांगीर महल में आयोजित कार्यक्रम का दीप जलाकर शुभारंभ करते अतिथि।

महाराजा सूरजमल के शौर्य और राष्ट्रभक्ति को किया नमन, केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल रहे मुख्य अतिथि

आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल विजय दिवस के उपलक्ष्य में आगरा किले के ऐतिहासिक जहांगीर महल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाराजा सूरजमल के अद्वितीय शौर्य, राष्ट्रभक्ति और सुशासन को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाराजा सूरजमल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर उनके वंशज नेम सिंह फौजदार, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, वरिष्ठ नेता चौधरी उदयभान सिंह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि महाराजा सूरजमल केवल एक पराक्रमी शासक ही नहीं थे, बल्कि वे सुशासन, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित के प्रतीक थे। उनका जीवन संघर्ष, साहस और जनकल्याण की मिसाल है।

उन्होंने कहा कि महाराजा सूरजमल का योगदान भारतीय इतिहास का गौरवशाली अध्याय है, जो आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, सामाजिक एकता और देशभक्ति के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा। विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने कहा कि महाराजा सूरजमल का अद्वितीय शौर्य, दूरदर्शिता और राष्ट्रभक्ति आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित यह विजय दिवस कार्यक्रम भारतीय संस्कृति, इतिहास और वीरता की गौरवशाली परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास है।

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से महाराजा सूरजमल के जीवन, संघर्षों और ऐतिहासिक योगदान को दर्शाया गया। कलाकारों ने देशभक्ति और वीर रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, महाराजा सूरजमल के वंशज नेम सिंह फौजदार, विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, चौधरी उदयभान सिंह, हेमेंद्र शर्मा, महेश शर्मा, रोहित कत्याल, पुरुषोत्तम फौजदार, विवेक धर्मेश, शिविर जैन, राजेंद्र सिंह चाहर, मोहन सिंह सोलंकी, सत्यपाल अत्री, दलवीर सिंह रावत, राजवीर भगोर, यादराम वर्मा, हरिओम चौधरी, विकास भारद्वाज, बजरंगी चौधरी, नंदी महाजन, कुंवर शैलराज सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।