पासपोर्ट सेवाओं में बड़ा बदलाव, सांसद नवीन जैन के सवाल पर विदेश राज्य मंत्री ने संसद में दी डिजिटल सुधार और नई सुविधाओं की जानकारी
आगरा/नई दिल्ली। देशभर में पासपोर्ट सेवाओं को तेज, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए सरकार द्वारा किए गए सुधारों की जानकारी राज्यसभा में दी गई है। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के प्रश्न पर विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने लिखित जवाब में बताया कि ई-पासपोर्ट, पासपोर्ट सेवा केंद्रों के विस्तार, पुलिस सत्यापन प्रक्रिया में सुधार और डिजिटल सुविधाओं के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने संसद में देशभर में पासपोर्ट सेवाओं के आधुनिकीकरण, ई-पासपोर्ट के क्रियान्वयन, पासपोर्ट सेवा केंद्रों के विस्तार तथा नागरिकों को समयबद्ध एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया था। इसके जवाब में विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह ने राज्यसभा में सरकार द्वारा किए गए सुधारों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।
विदेश राज्य मंत्री ने अपने लिखित जवाब में बताया कि सरकार ने पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और प्रौद्योगिकी आधारित बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि उन्नत पासपोर्ट कार्यक्रम संस्करण 2.0 (PSP V2.0) के तहत ई-पासपोर्ट सुविधा को देश के सभी 37 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों तथा उनसे जुड़े पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीएसके) और डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्रों (पीओपीएसके) में 26 मई 2025 तक लागू कर दिया गया है।
उन्होंने बताया कि विदेशों में स्थित भारतीय मिशनों और केंद्रों में भी वैश्विक पासपोर्ट सेवा कार्यक्रम संस्करण 2.0 (GPSP V2.0) को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। इससे विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिकों को भी अधिक आधुनिक और सुविधाजनक पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।
लिखित जवाब के अनुसार वर्तमान में देशभर में 37 क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालयों के अंतर्गत 93 पासपोर्ट सेवा केंद्र और 456 डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। सरकार ने वर्ष 2018 से "भारत में कहीं भी आवेदन करें" सुविधा भी शुरू की है, जिसके तहत नागरिक देश के किसी भी पासपोर्ट सेवा केंद्र या डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र से पासपोर्ट के लिए आवेदन कर सकते हैं।
विदेश राज्य मंत्री ने बताया कि दूरदराज और वंचित क्षेत्रों तक पासपोर्ट सेवाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए पासपोर्ट मोबाइल वैन की सुविधा शुरू की गई है। इसके साथ ही पुलिस सत्यापन प्रक्रिया को तेज और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए 'पासपोर्ट सेवा पुलिस ऐप' का उपयोग किया जा रहा है। इससे पुलिस सत्यापन की प्रक्रिया अधिक प्रभावी और समयबद्ध हुई है।
उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए पासपोर्ट सेवा पोर्टल, पासपोर्ट सेवा मोबाइल ऐप, ऑनलाइन आवेदन सुविधा, आवेदन की स्थिति की निगरानी, एसएमएस अधिसूचना, 24 घंटे हेल्पलाइन और केंद्रीकृत कॉल सेंटर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। आवेदन जमा करने से लेकर पुलिस सत्यापन, पासपोर्ट जारी होने, मुद्रण, प्रेषण और डिलीवरी तक प्रत्येक चरण की जानकारी आवेदकों को उपलब्ध कराई जाती है।
सांसद नवीन जैन ने विश्वास व्यक्त किया है कि आधुनिक तकनीक आधारित व्यवस्थाओं से देशभर के नागरिकों को तेज, पारदर्शी और बेहतर पासपोर्ट सेवाओं का लाभ मिलेगा।