टीएमसी के कांग्रेस में विलय को तैयार ममता, राहुल गांधी के सामने अभिषेक बनर्जी ने रखीं कई शर्तें, बागियों को झटका संभव
नई दिल्ली। टीएमसी के कांग्रेस में विलय पर बात आगे बढ़ गई है। ऐसा लग रहा है कि सोनिया गांधी की ओर से मिले ऑफर पर ममता बनर्जी तैयार हैं, लेकिन उन्होंने अभिषेक बनर्जी के जरिए राहुल गांधी के सामने कुछ शर्तें भी रखवाई हैं। इस कदम से टीएमसी के बागी सांसदों के अभियान को झटका लग सकता है। क्योंकि उनका दल बदल आसान नहीं होगा।
सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी ने राहुल गांधी के साथ हुई मीटिंग में इस पर बात की है। टीएमसी नेता ने कांग्रेस लीडरशिप के सामने मांग रखी है कि ममता बनर्जी को राज्यसभा भेजा जाए। इतना ही नहीं उन्हें राज्यसभा में नेता विपक्ष का पद भी दिया जाए। हालांकि इस पर कांग्रेस की ओर से क्या कहा गया है, वो सामने नहीं आया है।
सोनिया गांधी ने खुद फोन करके ममता बनर्जी को टीएमसी के कांग्रेस में विलय का ऑफर दिया था। सूत्रों के मुताबिक, सोनिया गांधी ने ममता बनर्जी से कहा कि वो टीएमसी का विलय कर दें। इसके बदले में उन्हें कांग्रेस का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके अलावा उनके भतीजे और सांसद अभिषेक बनर्जी को भी पार्टी महासचिव का पद दिया जाएगा।
कांग्रेस संसदीय दल की नेता ने ममता बनर्जी को प्रस्ताव दिया कि टीएमसी पर बीजेपी के राजनीतिक हमलों को देखते हुए उन्हें अपनी पार्टी का कांग्रेस में विलय कर लेना चाहिए। वरना बीजेपी उन्हें भी आम आदमी पार्टी की तरह परेशान करेगी। साथ ही, उनकी पार्टी के अंदरूनी लोग भी अभिषेक बनर्जी के खिलाफ हैं, इसलिए उनके लिए हालात मुश्किल हो गए हैं। सूत्रों न यह भी बताया कि ममता बनर्जी ने इस पर फ़ैसला करने के लिए कुछ दिन का समय मांगा.