मनःकामेश्वर मंदिर में गूंजे मंगल गीत, तुलसी-शालिग्राम विवाह की लिखी गई लगुन
आगरा के श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर में बुधवार को पारंपरिक मंगल गीतों के बीच तुलसी-शालिग्राम विवाह की लगुन लिखी गई। महिला मंडल की सदस्याओं ने विवाह गीत गाकर मांगलिक रस्में निभाईं। 21 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत 19 नवंबर को मेहंदी समारोह और 20 नवंबर को भव्य तुलसी-शालिग्राम विवाह महोत्सव आयोजित होगा। इस दौरान मंदिर के परिक्रमा मार्ग से वर यात्रा भी निकाली जाएगी।
21 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत महिला मंडल ने निभाई विवाह की रस्में, 19 नवंबर को मेहंदी और 20 नवंबर को निकलेगी वर यात्रा
आगरा। “लगुन आई हरे-हरे, मंगल गाओ हरे-हरे...” पारंपरिक विवाह गीतों की मधुर स्वर लहरियों और भक्तिमय उल्लास के बीच बुधवार को श्री मनःकामेश्वर मठ मंदिर, रावत पाड़ा में तुलसी-शालिग्राम विवाह की लगुन लिखी गई। महिला मंडल की सदस्याओं ने मंगल गीत गाकर विवाह की रस्मों को परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ पूर्ण कराया। गीतों में झलका विवाह का उल्लास और तुलसी मैया के प्रति अटूट श्रद्धा ने मंदिर परिसर को मांगलिक उत्सव के रंग में रंग दिया।
श्री महंत योगेश पुरी ने बताया कि कार्तिक मास सनातन धर्म में विशेष पुण्य और आध्यात्मिक महत्व रखता है। इस मास में कार्तिक स्नान, तुलसी पूजन और तुलसी-शालिग्राम विवाह की परंपरा का विशेष महत्व है। भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम जी और तुलसी महारानी का विवाह भक्तों के लिए आस्था, समर्पण और मंगल का प्रतीक है।
मठ प्रशासक हरिहर पुरी ने बताया कि विगत 21 वर्षों से महिला मंडल की सदस्याएं कार्तिक मास में पूरे महीने मंदिर परिसर में सामूहिक रूप से तुलसी-शालिग्राम जी का विशेष पूजन करती आ रही हैं। इसी सामूहिक पूजन का भक्तिभाव से पारायण करते हुए देवोत्थान एकादशी पर तुलसी-शालिग्राम विवाह का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष 19 नवंबर को मेहंदी समारोह आयोजित किया जाएगा तथा 20 नवंबर को तुलसी-शालिग्राम जी का भव्य विवाह महोत्सव मनाया जाएगा। विवाह के उपलक्ष्य में वर यात्रा श्री मनःकामेश्वर मंदिर के परिक्रमा मार्ग से होकर निकलेगी। लगुन की रस्म में दीप्ति, कुमकुम, अनुभा ,रानी, शिमला, अन्ना, रीता, नीता, रिंकी, मंजू, नीलिमा आदि ने पारंपरिक मंगल गीत गाकर तुलसी-शालिग्राम विवाह की शुभ शुरुआत की।