धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का संदेश, मनकामेश्वर मंदिर परिसर में हुआ विराट हिंदू महासम्मेलन

मनकामेश्वर मंदिर के पीछे आयोजित विराट हिंदू महासम्मेलन में धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, गौ-पूजन और विचारात्मक संबोधन हुए। संत-महंतों और संगठन पदाधिकारियों की उपस्थिति में हिंदू समाज की एकता और सांस्कृतिक मूल्यों पर जोर दिया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और महिला सहभागिता के साथ कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Feb 9, 2026 - 21:29
 0
धार्मिक चेतना और सांस्कृतिक एकता का संदेश, मनकामेश्वर मंदिर परिसर में हुआ विराट हिंदू महासम्मेलन
हिन्दू सम्मेलन में मंचस्थ अतिथि। नीचे जनसमूह।

धार्मिक प्रस्तुतियों, गौ-पूजन और विचारों के उद्बोधन के साथ हुआ आयोजन

आगरा। मनकामेश्वर मंदिर के पीछे स्थित परिसर में सोमवार को विराट हिंदू महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत-महंत, सामाजिक कार्यकर्ता और संगठन से जुड़े पदाधिकारी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक-सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकजुटता को सशक्त करना बताया गया।

सम्मेलन का शुभारंभ मनकामेश्वर मंदिर के महंत योगेश पुरी, कार्यक्रम अध्यक्ष प्रकाश साहू एवं डॉ. रेणुका डंग द्वारा भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात बालिकाओं ने सरस्वती वंदना पर आधारित नृत्य प्रस्तुत किया तथा भारत माता की आकर्षक झांकी ने उपस्थित जनसमूह का ध्यान आकर्षित किया।

गौ-पूजन और गौशाला संचालकों का सम्मान

कार्यक्रम की शुरुआत में गौ माता का पूजन किया गया। इसके बाद आगरा जनपद में संचालित विभिन्न गौशालाओं से जुड़े लोगों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने इसे सामाजिक और सांस्कृतिक जिम्मेदारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

मुख्य वक्ता का संबोधन

सम्मेलन में राम जन्मभूमि शिलान्यास से जुड़े महंत गंगाधर जी पाठक मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में उन्होंने हिंदू समाज की एकता, सांस्कृतिक चेतना और संगठनात्मक मजबूती पर विचार रखे। वहीं, महंत योगेश पुरी ने भी सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपस्थित लोगों में उत्साह और जोश का संचार किया।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में संगठन के कई पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से पंकज जैन (अध्यक्ष), अमर गुप्ता (उपाध्यक्ष), मनीष अग्रवाल (उपाध्यक्ष), नितिन बंसल (सचिव), आशीष जैन (वीडियो प्रभारी) सहित पार्षद अनुराग चतुर्वेदी, रवि माथुर, अनुज शर्मा, भाजपा नेता प्रमोद गुप्ता, दीपक खरे, संजय वरदान, अभिषेक गुप्ता, आदेश सिंगल, धीरज जैन, निशांत पाठक आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महिला शक्ति की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिनमें ज्योति बंसल, सरोज शर्मा, प्राची चौरसिया सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।