नेशनल चैम्बर का 78वां स्थापना दिवस: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बोले- आगरा को बनाएं आर्थिक हब, उद्योग-व्यापार की मजबूती से ही बढ़ेगा राष्ट्र

आगरा। देश के औद्योगिक और व्यापारिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली अग्रणी संस्था नेशनल चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की आगरा यूनिट ने अपना 78वां स्थापना दिवस समारोह बुधवार को धूमधाम के साथ मनाया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की उपस्थिति रही। वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि ने उद्योग जगत की भूमिका को रेखांकित करते हुए आगरा को आर्थिक हब के रूप में विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत संस्थाएं ही मजबूत राष्ट्र के निर्माण में सहायक होती हैं।

Aug 5, 2026 - 22:09
 0
नेशनल चैम्बर का 78वां स्थापना दिवस: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार बोले- आगरा को बनाएं आर्थिक हब, उद्योग-व्यापार की मजबूती से ही बढ़ेगा राष्ट्र
नेशनल चैंबर के बुधवार को अग्रवन में आयोजित 78वें स्थापना दिवस समारोह में चैंबर पदाधिकारियों के साथ मौजूद हैं मुख्य अतिथि एवं भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार। चित्र में चैंबर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल, पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा, मनीष अग्रवाल एवं अन्य पदाधिकारी भी हैं।

नेशनल चैंबर के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और चैंबर पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम में पहुंचीं महिलाएं। 

समारोह की अध्यक्षता नेशनल चैम्बर के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने की। कार्यक्रम में चैम्बर के इतिहास, उपलब्धियों और औद्योगिक क्षेत्र में योगदान को याद किया गया। स्थापना दिवस समिति के चेयरमैन एवं पूर्व अध्यक्ष अनिल वर्मा एडवोकेट ने चैम्बर की गौरवशाली यात्रा का वाचन किया।

आगरा को आर्थिक हब बनाने की दिशा में आगे बढ़ें उद्यमी: ज्ञानेश कुमार

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि चैम्बर का 78 वर्षों का सफर गौरवशाली है। जब राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया चल रही थी, उसी समय चैम्बर की स्थापना हुई थी। इतनी पुरानी और मजबूत संस्था द्वारा उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में किया जा रहा कार्य देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि किसी भी संस्था की मजबूती उसके मजबूत आधार पर निर्भर करती है। वर्तमान तकनीकी युग में भी चैम्बर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और उद्योग जगत को नई दिशा देने का कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि आगरा के उद्यमी शहर को आर्थिक हब के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं। आगरा के मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप और जिलाधिकारी मनीष बंसल द्वारा उद्योगों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दिए जाने की भी उन्होंने सराहना की।

भारत में होता है दुनिया का सर्वाधिक मतदान

मुख्य चुनाव आयुक्त ने अपने चुनावी अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारत में दुनिया का सर्वाधिक मतदान होता है। देश की चुनाव प्रणाली पूर्ण रूप से निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय प्रक्रिया के तहत संचालित होती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।

सात सदस्यों से शुरू हुआ चैम्बर आज बना वटवृक्ष

इससे पूर्व नेशनल चैम्बर के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने कहा कि जुलाई 1949 में मात्र सात सदस्यों के साथ स्थापित हुई संस्था आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। उद्योग एवं व्यापार के हितों की रक्षा के लिए चैम्बर निरंतर कार्य कर रहा है और देश की अर्थव्यवस्था में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने कहा कि चैम्बर का 78वां स्थापना दिवस मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री ज्ञानेश कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में मनाया जाना पूरे संगठन के लिए गौरव का विषय है। उनके विचार, अनुभव और मार्गदर्शन चैम्बर के सदस्यों के लिए प्रेरणा एवं मार्गदर्शक सिद्धांत का कार्य करेंगे।

भुवेश कुमार अग्रवाल को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड

स्थापना दिवस समारोह में चैम्बर के पूर्व अध्यक्षों में वर्ष 2015-16 के अध्यक्ष रहे भुवेश कुमार अग्रवाल को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सर्वोच्च लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया।

इसके साथ ही मैसर्स बीपी ऑयल मिल्स के अधिकृत प्रतिनिधि भारत भगत को चौम्बर के फाउंडर सदस्य के रूप में सम्मान प्रदान किया गया। उपस्थित सदस्यों ने दोनों सम्मानित व्यक्तियों के योगदान की सराहना की।

चैम्बर की गृह पत्रिका ‘नाचिक’ का विमोचन

समारोह के दौरान चैम्बर की गृह पत्रिका ‘नाचिक’ का विमोचन मुख्य अतिथि एवं अतिथियों द्वारा किया गया। पत्रिका को सदस्यों के बीच वितरित भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन पूर्व अध्यक्ष मनीष अग्रवाल एवं को-चेयरमैन केशव दत्त गुप्ता ने किया।

समारोह में इनकी मौजूदगी उल्लेखनीय रही

समारोह में चैम्बर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के अलावा उपाध्यक्ष नितेश अग्रवाल, अम्बा प्रसाद गर्ग, कोषाध्यक्ष विनय मित्तल, पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल, एसएस गोयल, योगेन्द्र कुमार सिंघल, अमर मित्तल, मनीष अग्रवाल, अतुल कुमार गुप्ता, शिव कुमार अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, शलभ शर्मा, संजय गोयल, मनोज कुमार गुप्ता, विवेक जैन, संजय अग्रवाल, राजेन्द्र कुमार अग्रवाल, दिनेश जैन, विकास मित्तल, देवेन्द्र गोयल, मयंक अग्रवाल, अखिल मोहन मित्तल, प्रशांत जैन, अशोक गोयल, नरेन्द्र गुप्ता, अखिलेश कुमार दूबे, नरेन्द्र तनेजा, राकेश चौहान, गोमित जैन, मयंक मित्तल, संजय कुमार गोयल, सचिन सारस्वत, राकेश सिंघल सहित बड़ी संख्या में चौम्बर सदस्य एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor