एनएसएस शिविर: माय भारत और डिजिटल साक्षरता के संदेश के साथ खेल, संस्कृति और श्रमदान का संगम
आगरा। आगरा कॉलेज, आगरा में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के सातवें दिन का शुभारंभ जोश, अनुशासन और सामाजिक चेतना के साथ हुआ। रविवार को प्रातः 6:00 बजे स्वयंसेवकों के लिए व्यायाम एवं जुम्बा सत्र आयोजित किया गया, जिसके उपरांत सभी स्वयंसेवकों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर सेवा भाव का परिचय दिया।
खेल प्रतियोगिताओं में दिखा उत्साह और प्रतिस्पर्धा
शिविर के खेल सत्र में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में प्रियंका ने प्रथम, मुमताज ने द्वितीय तथा सीमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पंजा कुश्ती प्रतियोगिता में दीपक नेगी ने प्रथम, निखिल ने द्वितीय एवं करन निगम ने तृतीय स्थान हासिल किया। खेल प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका श्री रवि शंकर सिंह एवं श्री सुरेन्द्र पाल सिंह द्वारा निभाई गई।
‘माय भारत’ और डिजिटल सशक्तिकरण पर केंद्रित गतिविधियां
शिविर का यह विशेष दिन माय भारत एवं डिजिटल साक्षरता के लिए युवा विषय को समर्पित रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में डिजिटल सशक्तिकरण, टीम भावना एवं सामाजिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करना था।
बौद्धिक एवं सांस्कृतिक सत्र में प्रतिभा का प्रदर्शन
दोपहर के सामूहिक भोज के उपरांत बौद्धिक एवं सांस्कृतिक सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में गायन एवं काव्य पाठ प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वयंसेवकों ने अपनी कला और रचनात्मकता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।
गायन प्रतियोगिता के निर्णायक डॉ. शोभनाथ जैसल, डॉ. बी.के. सिंह, डॉ. माधुरी यादव एवं डॉ. दिनेश कुमार मौर्या रहे, जबकि काव्य पाठ प्रतियोगिता में डॉ. अविनाश जैन, श्री सुरेन्द्र पाल सिंह एवं कु. ललिता सिंह ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
शिविर के माध्यम से स्वयंसेवकों को ‘मेरा युवा भारत (माय भारत) पोर्टल’ एवं डिजिटल साक्षरता के महत्व से अवगत कराया गया, जिससे वे भविष्य में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभा सकें।
सांस्कृतिक संध्या और कैम्प फायर ने बढ़ाया आपसी जुड़ाव
सांस्कृतिक संध्या के दौरान शिविर की प्रत्येक इकाई ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। रात्रि भोजन के उपरांत आयोजित कैम्प फायर में स्वयंसेवकों ने सामूहिक सहभागिता के साथ अपने शिविर अनुभव साझा किए, जिससे आपसी सौहार्द और टीम भावना और अधिक प्रगाढ़ हुई।
कार्यक्रम का मंच संचालन शिवम सारस्वत एवं काजल भारद्वाज द्वारा किया गया। शिविर के सफल आयोजन में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. सत्यदेव शर्मा एवं डॉ. चेतन गौतम का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त मो. कादिर, नीतेश, अंजलि, नीलम, उत्कर्ष, मोइन, करन, निक्की, मौली एवं भव्या ने कार्यक्रम संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।