मां-बाप का इकलौता सहारा छिना, भंडारे की सेवा से लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत
आगरा के ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में टेडी बगिया स्थित सेटेलाइट बस स्टैंड के सामने रोडवेज बस की टक्कर से 21 वर्षीय बीकॉम छात्र प्रिंस तोमर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक मंदिर में चल रहे भंडारे के लिए सामान देकर घर लौट रहे थे। प्रिंस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आगरा। ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। रोडवेज बस की टक्कर से 21 वर्षीय बीकॉम छात्र प्रिंस तोमर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। इकलौते बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां और बहन बेसुध हो गईं, जबकि पिता पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना टेडी बगिया स्थित सेटेलाइट बस स्टैंड के सामने तड़के करीब तीन बजे की है। बताया गया कि देवकी नगर, गुलाब नगर निवासी प्रिंस तोमर अपने मित्र अंकित के साथ हाथरस रोड स्थित प्राचीन टेढ़ेश्वर महादेव मंदिर में चल रहे भंडारे के लिए हलवाई को आवश्यक सामान पहुंचाकर पल्सर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही ट्रांस यमुना थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार और टेडी बगिया चौकी प्रभारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बिना देर किए दोनों घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने प्रिंस को बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सुबह करीब 11 बजे इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। वहीं, उसका साथी अंकित अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है।
इकलौते बेटे की मौत से बिखर गया परिवार
प्रिंस तोमर अपने माता-पिता संजेश सिंह तोमर का इकलौता बेटा था। उसकी बड़ी बहन तनु की शादी हो चुकी है। पिता जूता कारीगर हैं और मां गृहिणी हैं। परिवार ने बेटे को पढ़ा-लिखाकर बेहतर भविष्य का सपना देखा था। प्रिंस बीकॉम की पढ़ाई कर रहा था और पढ़ाई में मेधावी छात्र माना जाता था। जैसे ही परिवार को उसकी मौत की सूचना मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। मां और बहन सदमे में बेहोश हो गईं। रिश्तेदार और आसपास के लोग परिवार को सांत्वना देने पहुंचे, लेकिन हर किसी की आंखें नम थीं।
पुलिस ने बस को कब्जे में लिया
हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल रोडवेज बस संख्या UP78JT3615 को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों से तहरीर प्राप्त हो गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।